देश की खबरें | मध प्रदेश : युवक की डंडों से बेरहमी से पिटाई करने के मामले में दो लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक लड़की से छेड़छाड़ करने के आरोप में युवक की बेरहमी से पिटाई करने के मामले में दो लोगों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

रीवा (मप्र), 21 सितंबर मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक लड़की से छेड़छाड़ करने के आरोप में युवक की बेरहमी से पिटाई करने के मामले में दो लोगों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बलराम यादव (28) नामक युवक के गले में बेल्ट बांधकर डंडों से उसकी पिटाई करने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया था, जिनमें से एक अभी भी फरार है।

बलराम जबरन वसूली करने के मामले में हाल में जेल से छूटकर आया था और आरोप है कि जेल से रिहा होने के दूसरे दिन ही उसने एक लड़की से छेड़छाड़ की। वह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के रहने वाला है और मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश की सीमा पर एक ढाबा चलाता है।

रीवा जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर हनुमना पुलिस थाना इलाके के अर्जुनपुर पैकान गांव में उसकी हाल में पिटाई की गई थी और सोमवार को सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।

हनुमना पुलिस थाना प्रभारी शैल यादव ने बताया, ‘‘बलराम यादव की पिटाई करने के मामले में दो आरोपियों विपिन सिंह एवं गब्बर सिंह (दोनों निवासी अर्जुनपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दीपक तिवारी की तलाश की जा रही है। उसे भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ हनुमना पुलिस थाने में मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\