देश की खबरें | मप्र : महाविद्यालय में होली कार्यक्रम की अनुमति न मिलने पर प्राध्यापकों को ‘‘बंधक’’ बनाया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर के एक प्रतिष्ठित महाविद्यालय में होली के कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने पर भड़के छात्र नेताओं ने इस संस्थान के हॉल का दरवाजा बंद करके प्राध्यापकों को कथित तौर पर बंधक बना लिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 25 फरवरी इंदौर के एक प्रतिष्ठित महाविद्यालय में होली के कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने पर भड़के छात्र नेताओं ने इस संस्थान के हॉल का दरवाजा बंद करके प्राध्यापकों को कथित तौर पर बंधक बना लिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मामले के तूल पकड़ने पर जिला प्रशासन ने इस घटना की जांच का आदेश दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शहर के शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय में सोमवार को हुई, जब होली के कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने पर नाराज छात्र नेताओं ने संस्थान के एक हॉल का दरवाजा बंद किया और इसकी बिजली आपूर्ति भी काट दी।
उन्होंने बताया कि छात्र नेताओं के हंगामे और नारेबाजी के बीच महाविद्यालय के कई प्राध्यापक करीब आधे घंटे तक हॉल में बंद रहे। अधिकारियों के मुताबिक बाद में एक कर्मचारी ने जैसे-तैसे खिड़की के रास्ते बाहर निकल कर दरवाजा खोला जिससे प्राध्यापक हॉल से बाहर आ सके।
जिलाधिकारी आशीष सिंह ने इस घटना को बेहद गंभीर करार देते हुए संवाददाताओं से कहा कि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन की शिकायत पर एक अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) को इसकी जांच का आदेश दिया गया है।
उन्होंने बताया, ‘‘एडीएम की जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में उचित कदम उठाए जाएंगे।’’
होलकर विज्ञान महाविद्यालय इंदौर के तत्कालीन होलकर शासकों द्वारा 133 साल पहले स्थापित किया गया था। इस महाविद्यालय में "होलकर का होली फेस्ट" नामक कार्यक्रम आगामी सात मार्च को आयोजित किया जाना था। इसमें "लाइव डीजे" और "रेन डांस" का भी इंतजाम था। इस कार्यक्रम को सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कराने वाली एक कोचिंग क्लास ने प्रायोजित किया था। कार्यक्रम के लिए प्रति व्यक्ति 150 रुपये का शुल्क तय किया गया था।
हर्ष मनीषा
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)