देश की खबरें | मध्य प्रदेश : कांग्रेस ने पुरानी पेंशन योजना और पदोन्नति नहीं करने पर भाजपा सरकार की आलोचना की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश कांग्रेस नेता गोविंद सिंह ने शनिवार को प्रदेश सरकार से कर्मचारियों को लंबे समय से देय पदोन्नति तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग की।
भोपाल, आठ अक्टूबर मध्य प्रदेश कांग्रेस नेता गोविंद सिंह ने शनिवार को प्रदेश सरकार से कर्मचारियों को लंबे समय से देय पदोन्नति तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग की।
मध्य प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता सिंह ने प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर कर्मचारी विरोधी होने का आरोप लगाया।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ कमलनाथ के नेतृत्व वाली पिछली कांग्रेस सरकार ने नौ मार्च 2020 को कर्मचारियों के लिए पदोन्नति को मंजूरी दी थी, लेकिन भाजपा सरकार इसे लागू नहीं कर रही है। प्रदेश के 62 हजार कर्मचारी बिना उचित पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो गए हैं। मात्र पुलिस विभाग में कुछ कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सेवानिवृत्ति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कम हो गए हैं। सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार पुरानी पेंशन योजना लागू करने की बात पर भी मौन है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनती है तो वह पुरानी पेंशन योजना को लागू करेगी।
इससे पहले कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के लिए पुरानी पेंशन योजना और पदोन्नति बड़ा मुद्दा होगा।
गौरतलब है कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने एक जनवरी 2004 को या उसके बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू कर दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)