देश की खबरें | मध्य प्रदेश : जैन मंदिर पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले में एक जैन मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक पोस्ट के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

दमोह (मध्य प्रदेश), 30 अगस्त जिले में एक जैन मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक पोस्ट के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई के प्रमुख वी डी शर्मा ने लोगों को गुमराह करने के लिए सोशल मीडिया एक्स (पूर्व ट्विटर) पर सिंह के अकाउंट को निलंबित करने की मांग की।

वहीं, सिंह ने कहा कि उन्हें बस जो जानकारी प्राप्त हुई, उसे उन्होंने पुलिस के साथ साझा किया है और उन्हें ऐसे मामलों (प्राथमिकी) की परवाह नहीं है।

राज्यसभा सदस्य सिंह (76) ने 27 अगस्त को एक्स पर अपने आधिकारिक अकाउंट पर एक पोस्ट में दावा किया था कि ‘‘बजरंग दल के कुछ कथित असामाजिक तत्वों’’ ने 26 अगस्त की रात कुंडलपुर (दमोह में) में जैन मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की और वहां एक शिवलिंग रखा। सिंह ने इस पोस्ट में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को टैग किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने पोस्ट हटा दिया।

दमोह के पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी ने कहा कि प्राप्त शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ कुंडलपुर जैन मंदिर के बारे में पोस्ट करने के लिए भारतीय दंड संहिता की धाराओं 153-ए (धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 177 (झूठी जानकारी देना) और 505 (2)(सार्वजनिक उत्पात फैलाने वाले बयान) के तहत मामला दर्ज किया है।

उन्होंने कहा कि उप-विभागीय मजिस्ट्रेट और उप-विभागीय पुलिस अधिकारी द्वारा कुंडलपुर जैन मंदिर की मौके पर की गई जांच के बाद घटना ‘‘बिना तथ्य वाली और भ्रामक’’ पाई गई।

कुंडलपुर ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष चंद्रकुमार बजाज ने भी मंदिर में ऐसी घटना से इनकार किया है।

बजरंग दल के शहर संयोजक शंभू विश्वकर्मा ने कहा कि उनके संगठन के कार्यकर्ताओं ने कुंडलपुर मंदिर परिसर के बारे में सिंह की ‘‘भ्रामक’’ पोस्ट के खिलाफ पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए सिंह को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से सिंह के अकाउंट को निलंबित करने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि इसका इस्तेमाल सामाजिक घृणा और धार्मिक भावनाओं को भड़काने के लिए किया जाता है।

शर्मा ने सिंह पर आरोप लगाया, ''दिग्विजय सिंह आदतन राजनीतिक अपराधी हैं और वह देश और प्रदेश का माहौल खराब करने के लिए लगातार फर्जी ट्वीट करते हैं।''

भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ के पास विधानसभा चुनाव से पहले उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए वे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और समाज में नफरत फैलाने के लिए दिग्विजय सिंह के माध्यम से झूठ परोस रहे हैं।

मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनाव इस साल के अंत में प्रस्तावित हैं।

शर्मा ने कहा कि भाजपा इस संबंध में कानूनी कदम उठाएगी।

दमोह में अपने खिलाफ प्राथमिकी के बारे में पूछे जाने पर, सागर जिले में मौजूद सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने केवल वही जानकारी साझा की जो उन्हें मिली थी। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि इसमें गलत क्या है।

एक्स पर अपनी पोस्ट के बारे में सिंह ने कहा, ‘‘मैं अपनी जानकारी किसके माध्यम से देता? मैंने उन्हें सचेत किया।’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें ऐसी प्राथमिकी से कोई फर्क नहीं पड़ता।

उन्होंने आरोप लगाया, ''मैंने जीवन भर सामाजिक सद्भाव और हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई की एकता के लिए काम किया.. लेकिन वे (भाजपा) धार्मिक उन्माद फैलाकर लोगों को भड़काते हैं।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

LSG vs CSK, IPL 2026 59th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 59वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स को हराकर सम्मान के साथ सीजन खत्म करना चाहेगी लखनऊ सुपर जायंट्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

PBKS vs MI, IPL 2026 58th Match Live Score Update: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

PBKS vs MI, IPL 2026 58th Match Live Toss And Scorecard: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के कप्तान जसप्रीत बुमराह ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? धर्मशाला में पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट