देश की खबरें | ‘लुफ्थांसा’ ने पायलटों की हड़ताल के कारण दो उड़ानें की रद्द, 700 यात्री फंसे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जर्मनी की ‘लुफ्थांसा एयरलाइन’ द्वारा, पायलटों की हड़ताल के कारण अपनी दो उड़ानें रद्द करने के बाद शुक्रवार को करीब 700 यात्री इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर फंस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, दो सितंबर जर्मनी की ‘लुफ्थांसा एयरलाइन’ द्वारा, पायलटों की हड़ताल के कारण अपनी दो उड़ानें रद्द करने के बाद शुक्रवार को करीब 700 यात्री इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर फंस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, फंसे यात्रियों के परिवार वाले व रिश्तेदार हवाई अड्डे के बाहर एकत्रित हो गए और पैसे वापस करने या कोई वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग करने लगे। हवाई अड्डे के बाहर 100 से अधिक लोग एकत्रित हुए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात सवा 12 बजे उन्हें इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 के एक नंबर द्वार के बाहर लोगों के एकत्रित होने की जानकारी मिली।
पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) तनु शर्मा ने बताया कि भीड़ के एकत्रित होने से जाम भी लग गया। वे लोग टर्मिनल इमारत में फंसे अपने रिश्तेदारों की टिकट के पैसे वापस करने या कोई अन्य व्यवस्था करने की मांग कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि बिना किसी पूर्व जानकारी के उड़ानें रद्द किए जाने से वे नाराज हो गए। बाद में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और हवाई अड्डा कर्मचारियों ने उन्हें शांत कराया।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि ‘लुफ्थांसा’ ने फ्रैंकफर्ट के लिए 300 यात्रियों के साथ देर रात दो बजकर 50 मिनट पर रवाना होने वाली उड़ान और 400 यात्रियों के साथ म्यूनिख के लिए देर रात एक बजकर 10 मिनट पर रवाना होने वाली उड़ान रद्द कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि ‘लुफ्थांसा’ के पायलटों की एक दिन की हड़ताल के कारण दोनों उड़ानें ‘लुफ्थांसा’ के मुख्यालय द्वारा ही रद्द की गई।
पुलिस ने बताया कि एयरलाइन वैकल्पिक व्यवस्था करने की कोशिश कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)