देश की खबरें | मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में अब खिलेगा 'कमल' : उप मुख्यमंत्री

इटावा (उत्तर प्रदेश), 17 अक्टूबर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद रिक्त हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कमल खिलेगा।

मौर्य ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा ''नेताजी मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के बडे़ नेता थे। उनके निधन से खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर अब भाजपा का कमल खिलेगा।''

उप मुख्यमंत्री ने कहा ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेताजी का कितना सम्मान करते थे, इस बात का अन्दाजा इससे लगा सकते हैं कि हैं कि वह 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में नेताजी के निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार करने नहीं गये थे।''

गौरतलब है कि मैनपुरी से सांसद तथा सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का पिछली 10 अक्टूबर को 82 वर्ष की उम्र में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था।

यादव ने वर्ष 2014 का लोकसभा चुनाव मैनपुरी और आजमगढ़ सीटों से लड़ा था और दोनों ही जगह उन्हें जीत हासिल हुई थी। बाद में उन्होंने मैनपुरी सीट छोड़ दी थी।

भाजपा ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में मैनपुरी सीट से शत्रुघ्न सिंह चौहान को मुलायम के मुकाबले मैदान में उतारा था। मुलायम के यह सीट छोड़ने पर हुए उपचुनाव में पार्टी ने प्रेम सिंह शाक्य को उम्मीदवार बनाया था। बाद में 2019 के आम चुनाव में भी शाक्य को ही भाजपा का टिकट मिला था।

मुलायम की प्रतिष्ठापूर्ण सीट के उपचुनाव कार्यक्रम की घोषणा अभी नहीं हुई है। इसके लिये समाजवादी पार्टी ने अभी कोई उम्मीदवार भी घोषित नहीं किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)