ताजा खबरें | लोकसभा चुनाव: दोपहर एक बजे तक पंजाब में करीब 38 फीसदी और चंडीगढ़ में 40.14 प्रतिशत मतदान

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. पंजाब के 13 लोकसभा क्षेत्रों में शनिवार को जारी मतदान के दौरान दोपहर एक बजे तक 37.80 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि चंडीगढ़ लोकसभा सीट के लिए 40.14 प्रतिशत मतदान हुआ।

चंडीगढ़, एक जून पंजाब के 13 लोकसभा क्षेत्रों में शनिवार को जारी मतदान के दौरान दोपहर एक बजे तक 37.80 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि चंडीगढ़ लोकसभा सीट के लिए 40.14 प्रतिशत मतदान हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

पंजाब की 13 लोकसभा सीट में से बठिंडा सीट पर दोपहर एक बजे तक 41.17 प्रतिशत और संगरूर में 39.85 प्रतिशत मतदान हुआ।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, अमृतसर में 32.18 प्रतिशत, आनंदपुर साहिब में 37.43 प्रतिशत, फरीदकोट में 36.82 प्रतिशत, फतेहगढ़ साहिब में 37.43 प्रतिशत, गुरदासपुर में 39.05 प्रतिशत, होशियारपुर में 37.07 प्रतिशत, जालंधर में 37.95 प्रतिशत, खडूर साहिब में 37.76 प्रतिशत, लुधियाना में 35.16 प्रतिशत, फिरोजपुर में 39.74 प्रतिशत और पटियाला में 39.73 प्रतिशत मतदान हुआ।

सुबह जल्दी वोट डालने वालों में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़, आम आदमी पार्टी (आप) नेता राघव चड्ढा, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, आम आदमी पार्टी (आप) उम्मीदवार मालविंदर सिंह कंग, भाजपा उम्मीदवार तरणजीत सिंह संधू, शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार अनिल जोशी, ‘आप’ उम्मीदवार करमजीत सिंह अनमोल एवं लालजीत भुल्लर तथा पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह शामिल थे।

पंजाब की कांग्रेस इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने अपनी पत्नी के साथ मुक्तसर में वोट डाला। कांग्रेस उम्मीदवार गुरजीत सिंह औजला ने अमृतसर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन ने अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ में मतदान किया।

संगरूर में संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री मान ने पंजाब के लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की और उम्मीद जताई कि शहरों और ग्रामीण इलाकों में मतदाता बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए आएंगे।

मान की पत्नी गुरप्रीत कौर ने भी महिलाओं से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की।

'इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं तथा शिरोमणि अकाली दल (शिअद) तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी 1996 के बाद पहली बार अकेले लोकसभा चुनाव मैदान में हैं।

कांग्रेस, आप, शिअद और भाजपा के अलावा शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं।

‘आप’, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल (शिअद), भाजपा, बसपा और शिअद (अमृतसर) पंजाब की सभी सीट पर चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, कांग्रेस और ‘आप’ ने चंडीगढ़ में गठबंधन किया है।

राज्य में चुनाव लड़ रहे प्रमुख उम्मीदवारों में भाजपा प्रत्याशी परनीत कौर, शिअद प्रत्याशी हरसिमरत कौर बादल, पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रत्याशी चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, पंजाब की कांग्रेस इकाई अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, पूर्व नौकरशाह व भाजपा प्रत्याशी तरणजीत सिंह संधू शामिल हैं।

चंडीगढ़ में भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी से है।

अधिकारियों ने बताया कि पंजाब में 26 महिलाओं सहित कुल 328 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि चंडीगढ़ में दो महिलाओं सहित 19 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

चुनाव अधिकारियों के अनुसार, 13 लोकसभा सीट के लिए कुल 24,451 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें से 5,694 को संवेदनशील माना गया है। इस चरण में 2.14 करोड़ से अधिक मतदाता हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\