ताजा खबरें | लोकसभा चुनाव: महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) 21, कांग्रेस 17, राकांपा (एसपी) 10 सीट पर लड़ेगी

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. महाराष्ट्र में विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपने सीट-बंटवारा समझौते की घोषणा की, जिसके तहत राज्य में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 21, कांग्रेस 17 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) 10 सीट पर चुनाव लड़ेंगी।

मुंबई, नौ अप्रैल महाराष्ट्र में विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपने सीट-बंटवारा समझौते की घोषणा की, जिसके तहत राज्य में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 21, कांग्रेस 17 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) 10 सीट पर चुनाव लड़ेंगी।

कांग्रेस ने विवादास्पद सांगली और भिवंडी सीट पर अपना दावा छोड़ दिया और वहां से अब क्रमशः शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा(एसपी) चुनाव लड़ेंगी।

राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि सहयोगी दलों के बीच किसी भी सीट को लेकर कोई मतभेद नहीं है और राज्य की 48 संसदीय सीट का आवंटन सर्वसम्मति से किया गया।

शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि गठबंधन का लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराना है और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि पार्टी ने इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए उदारता का परिचय देने का फैसला किया है।

पवार, ठाकरे और पटोले ने कई सप्ताह की बातचीत के बाद यहां एक संवाददाता सम्मेलन में राज्य की 48 संसदीय सीट के लिए चुनावी समझौते की घोषणा की।

दक्षिण मुंबई स्थित शिवसेना (यूबीटी) कार्यालय ‘शिवालय’ में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रमुख और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि सीट-बंटवारे को लेकर समझौता हो गया है । उन्होंने कहा कि गठबंधन में जीतना महत्वपूर्ण है और भाजपा को हराना लक्ष्य है।

जब उनसे शिवसेना (यूबीटी) द्वारा कांग्रेस को सांगली सीट देने से इनकार किए जाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘‘बड़ा लक्ष्य भाजपा के खिलाफ जीतना है, तो ऐसे में हमें कुछ मतभेदों को दरकिनार करना होगा।’’

ठाकरे ने कहा कि यह अजीब संयोग रहा कि ‘सूर्य ग्रहण’, ‘अमावस्या’ और भाजपा की रैली एक ही दिन (सोमवार को) हुई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उनकी पार्टी को ‘‘नकली शिवसेना’’ कहे जाने के बारे में पूछे जाने पर ठाकरे ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कल का भाषण किसी प्रधानमंत्री का भाषण नहीं था। जब हम इसका जवाब देंगे, तो कृपया इसे प्रधानमंत्री के अपमान के तौर पर नहीं लें। हमारी आलोचना एक भ्रष्ट पार्टी के नेता की आलोचना होगी। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘वसूली करने वालों की पार्टी के किसी नेता का हमें नकली कहना उचित नहीं है।’’

ठाकरे ने दावा किया कि भाजपा ‘‘जबरन वसूली करने वालों की पार्टी’’ है और चुनावी बॉण्ड ‘‘घोटाला’’ सामने आने के बाद यह साफ हो गया है।

पटोले ने कहा कि उनकी पार्टी ने मोदी और भाजपा को हराने के अंतिम लक्ष्य को हासिल करने के लिए उदारता का परिचय देने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ लड़ेंगे और सांगली एवं भिवंडी में एमवीए उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे कार्यकर्ता कभी नहीं भूलेंगे कि भाजपा ने हमारे नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ कैसा दुर्व्यवहार किया।’’

पटोले ने कहा कि ठाकरे और शरद पवार के दलों पर बागियों ने ‘‘कब्जा कर’’ लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों दलों के मूल नेता हमारे साथ हैं और मोदी उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी को नकली शिवसेना कहते हैं।’’

शरद पवार ने कहा कि सहयोगी दलों के बीच किसी भी सीट को लेकर कोई मतभेद नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘तीनों दलों ने सीट बंटवारे के समझौते को सर्वसम्मति से अंतिम रूप दे दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हर कोई अधिकतम सीट पर चुनाव लड़ना चाहता है। महत्वाकांक्षा रखना कोई अपराध नहीं है, लेकिन जब हम अपने बड़े लक्ष्य को देखते हैं, जिसके लिए हम लड़ रहे हैं, तो मतभेद अपने आप दरकिनार हो जाते हैं।’’

ठाकरे ने कहा कि उन्होंने उन सभी 21 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिन पर उनकी पार्टी को चुनाव लड़ना है और कांग्रेस एवं राकांपा (एसपी) एक या दो दिन में ऐसा कर देंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने भाजपा को हराने का मन बना लिया है।’’

पटोले ने कहा कि भाजपा कांग्रेस के ‘‘सामाजिक न्याय’’ घोषणापत्र को विभाजन समर्थक मुस्लिम लीग से जोड़ती है, जिससे पता चलता है कि सत्तारूढ़ दल कितना नीचे गिर सकता है।

ठाकरे ने कांग्रेस के घोषणापत्र की सराहना की और कहा कि जब केंद्र में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘ इंडिया ’) की सरकार बनेगी, तो उसके वादों को लागू किया जाएगा।

समझौते के तहत शिवसेना (यूबीटी) को जलगांव, परभणी, नासिक, पालघर, कल्याण, ठाणे, रायगढ़, मावल, उस्मानाबाद, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, बुलढाणा, हातकणंगले, औरंगाबाद, शिरडी, सांगली, हिंगोली, यवतमाल- वाशिम, मुंबई दक्षिण, मुंबई दक्षिण मध्य, मुंबई उत्तर पश्चिम और मुंबई उत्तर पूर्व सीट मिली हैं।

कांग्रेस को नंदुरबार, धुले, अकोला, अमरावती, नागपुर, भंडारा-गोंदिया, गढ़चिरौली-चिमूर, चंद्रपुर, नांदेड़, जालना, मुंबई उत्तर मध्य, मुंबई उत्तर, पुणे, लातूर, सोलापुर, कोल्हापुर और रामटेक सीट मिली हैं।

राकांपा (एसपी) बारामती, शिरूर, सतारा, भिवंडी, डिंडोरी, माढा, रावेर, वर्धन, अहमदनगर दक्षिण और बीड सीट पर चुनाव लड़ेगी।

राज्य में 19 अप्रैल से 20 मई के बीच पांच चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

RR vs SRH, IPL 2026 36th Match Key Players To Watch Out: आज राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा हाईवोल्टेज मुकाबला, इन स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी निगाहें

RR vs SRH, IPL 2026 36th Match Toss Winner Prediction: सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच कौन होगा टॉस का बॉस. मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती हैं बाजी

DC vs PBKS, IPL 2026 35th Match Scorecard: अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के सामने रखा 265 रनों का टारगेट, केएल राहुल और नीतीश राणा ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

RR vs SRH, IPL 2026 36th Match Winner Prediction: सवाई मानसिंह स्टेडियम में आज राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा रोमांचक मुकाबला, मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती हैं बाजी