देश की खबरें | दुर्घटनाग्रस्त विमान के यात्रियों के बचाव कार्य में मदद करने वाले स्थानीय लोग पृथकवास में गए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोझिकोड हवाई अड्डे पर शुक्रवार रात दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान के यात्रियों को बचाने के लिए भारी वर्षा और कोविड-19 की परवाह किये बिना पहुंचे स्थानीय लोग पृथकवास में चले गए हैं।
कोझिकोड, नौ अगस्त कोझिकोड हवाई अड्डे पर शुक्रवार रात दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान के यात्रियों को बचाने के लिए भारी वर्षा और कोविड-19 की परवाह किये बिना पहुंचे स्थानीय लोग पृथकवास में चले गए हैं।
हवाईअड्डे का इलाका निषिद्ध क्षेत्र में पड़ने के बावजूद, दुर्घटना के बारे में जानकारी होने पर कई स्थानीय लोग दुर्घटनास्थल पर पहुंचे थे। इस विमान दुर्घटना में 18 लोग मारे गए थे और 100 से अधिक घायल हो गए थे।
यह भी पढ़े | कोरोना के पश्चिम बंगाल में 2,939 नए मरीज पाए गए, 54 की मौत: 9 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
स्थानीय लोगों की इस निस्वार्थ सेवा की विभिन्न क्षेत्र के लोगों ने प्रशंसा की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि राहत अभियान में हिस्सा लेने वाले 135 स्थानीय लोग एवं 42 पुलिसकर्मी पृथकवास में चले गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि इन लोगों ने रक्षा उपकरण या दस्ताने नहीं पहन रखे थे और वे घायलों के सम्पर्क में आये थे।
शनिवार को यह पता चलने के बाद कि मृत यात्रियों में से एक कोविड-19 से संक्रमित था, राज्य की स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा ने बचाव कार्य में हिस्सा लेने वाले सभी स्थानीय लोगों को पृथकवास में जाने के लिए कहा है।
साथ ही राज्य सरकार ने बचाव कार्य में शामिल सभी लोगों की कोविड-19 जांच कराने का निर्णय किया है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने स्थानीय लोगों और अधिकारियों की प्रशंसा की थी जो दुर्घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)