जरुरी जानकारी | जम्मू-कश्मीर में उद्योग लगाने वालों को स्थानीय युवाओं को देना होगा रोजगार: उपमुख्यमंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने बुधवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में उद्योग लगाने वालों को स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना होगा।
जम्मू, 12 मार्च जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने बुधवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में उद्योग लगाने वालों को स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना होगा।
जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक विकास के लिए पिछली नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकारों को श्रेय देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन यह लोगों की कीमत पर नहीं होगा।
चौधरी ने यहां विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा, “जो लोग (निवेशक) जम्मू-कश्मीर में उद्योग स्थापित करेंगे, उन्हें क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना होगा।”
उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला सरकार जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ कोई अन्याय न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
चौधरी ने कहा, “यह उमर अब्दुल्ला सरकार की प्रतिबद्धता है। कश्मीर, जम्मू, गंग्याल या किसी अन्य स्थान पर औद्योगिक एस्टेट नेशनल कॉन्फ्रेंस के शासन के दौरान स्थापित किए गए थे। मुख्यमंत्री जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन यह लोगों की कीमत पर नहीं होगा।”
भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया के सवाल का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, “इस सरकार का प्रयास है कि हम जम्मू-कश्मीर के लोगों की जमीन बाहरी लोगों को नहीं देने देंगे। जो भी सही होगा, वह किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को उद्योगों में नौकरी पाने का अधिकार है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)