देश की खबरें | होटल से हिरासत में लिये गए नेता व्यक्तिगत रूप से ईद मिलन समारोह में शामिल होने गए थे: हुर्रियत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. श्रीनगर के एक होटल से पुलिस द्वारा पूर्व आतंकवादियों के एक समूह को हिरासत में लिये जाने तथा जेकेएलएफ और हुर्रियत कॉन्फ्रेंस में नयी जान फूंकने की योजना बनाने के आरोपों के एक दिन बाद सोमवार को अलगाववादी समूह ने कहा कि इनकी बैठक से उसका कोई लेना-देना नहीं है।
श्रीनगर, 10 जुलाई श्रीनगर के एक होटल से पुलिस द्वारा पूर्व आतंकवादियों के एक समूह को हिरासत में लिये जाने तथा जेकेएलएफ और हुर्रियत कॉन्फ्रेंस में नयी जान फूंकने की योजना बनाने के आरोपों के एक दिन बाद सोमवार को अलगाववादी समूह ने कहा कि इनकी बैठक से उसका कोई लेना-देना नहीं है।
हुर्रियत ने कहा कि कुछ सदस्य ईद मिलन समारोह के लिए व्यक्तिगत रूप से एक स्थानीय होटल में एकत्र हुए थे।
एक बयान में कहा, ‘‘हुर्रियत कॉन्फ्रेंस यह स्पष्ट करना चाहती है कि जो लोग दोपहर भोज में शामिल हुए थे, वे व्यक्तिगत तौर पर गए थे, न कि हुर्रियत सदस्य के रूप में। यह हुर्रियत का कार्यक्रम नहीं था और न ही हुर्रियत नेतृत्व को इसकी जानकारी थी।’’
अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 हटाये जाने से पहले अपने नेताओं पर कार्रवाई के बाद से हुर्रियत चर्चा के केंद्र में नहीं रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, यासीन मलिक के नेतृत्व वाले जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) को अलगाव को "बढ़ावा देने" के लिए मार्च 2019 में प्रतिबंधित कर दिया गया था। जेकेएलएफ 1989 में कश्मीरी पंडितों की हत्याओं में शामिल था, जिसके कारण कश्मीर घाटी से उनका पलायन हुआ था।
पुलिस के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हुर्रियत ने कहा कि उन्हें बैठक के बारे में खबरों के माध्यम से पता चला। इसलिए, इससे हुर्रियत को जोड़ना महज अटकलें और पूरी तरह से निराधार है।"
पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने जेकेएलएफ के पूर्व आतंकवादियों के एक समूह को शहर के एक होटल से हिरासत में लिया, जो कश्मीर में अलगाववादी राजनीति फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘श्रीनगर के एक होटल में जेकेएलएफ के कुछ पूर्व आतंकवादियों और पूर्व अलगाववादियों की बैठक के बारे में विश्वसनीय जानकारी मिली थी, जिसके बाद वहां छापा मारा गया। उन्हें सत्यापन के लिए कोठीबाग थाने लाया गया। पूछताछ के बाद प्रथम दृष्टया यह सामने आया है वे जेकेएलएफ और हुर्रियत में नयी जान फूंकने की योजना बना रहे थे।’’
हालांकि, पुलिस ने यह नहीं बताया कि इन लोगों को गिरफ्तार किया गया, या सत्यापन के बाद छोड़ दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)