देश की खबरें | सरकार के अहंकार को दिखाता है किसानों पर लाठीचार्ज: किरण चौधरी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की हरियाणा इकाई की वरिष्ठ नेता किरण चौधरी ने शनिवार को करनाल में किसानों पर किए गए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे सरकार का अहंकार करार दिया।
भिवानी, 28 अगस्त कांग्रेस की हरियाणा इकाई की वरिष्ठ नेता किरण चौधरी ने शनिवार को करनाल में किसानों पर किए गए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे सरकार का अहंकार करार दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘किसान धरतीपुत्र हैं और उनपर किए गए लाठीचार्ज से सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और गठबंधन सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।’’
राज्य विधानसभा सदस्य ने कहा कि किसानों ने मुख्यमंत्री के करनाल आगमन पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था, इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने किसानों पर लाठीचार्ज करवा अपने नेताओं के साथ बैठक की।
किरण ने दावा किया, ‘‘पिछले 9 महीनों से किसान दिल्ली के बोर्डर पर बैठा हुआ है, लेकिन सरकार हठ पर अड़िग है, किसानों से बात करने की बजाय उन पर लाठीचार्ज करवाया जा रहा है।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की किसानों के प्रति सोच उजागर हो गई है।
गौरतलब है कि भाजपा की एक बैठक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए करनाल की तरफ बढ़ रहे किसानों के एक समूह पर पुलिस ने शनिवार को कथित तौर पर लाठीचार्ज किया, जिसमें करीब दस लोग घायल हो गए।
बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, राज्य भाजपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
किसानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य पुलिस की आलोचना की गई और विरोध में कई स्थानों पर सड़कों को जाम किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)