खेल की खबरें | कुलदीप को पांच विकेट, इंग्लैंड मुश्किल में

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. बांए हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव के पांच विकेट से भारत ने पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को यहां चाय तक पहली पारी में इंग्लैंड का स्कोर आठ विकेट पर 194 रन करके अपनी स्थिति मजबूत की।

धर्मशाला, सात मार्च बांए हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव के पांच विकेट से भारत ने पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को यहां चाय तक पहली पारी में इंग्लैंड का स्कोर आठ विकेट पर 194 रन करके अपनी स्थिति मजबूत की।

कुलदीप (72 रन पर पांच विकेट) ने इंग्लैंड के शीर्ष और मध्य क्रम को समेटा। टीम ने 175 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाए। इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 175 रन से छह विकेट पर 175 रन हो गया।

सुबह के सत्र में दो विकेट चटकाने वाले कुलदीप ने दूसरे सत्र में तीन विकेट चटकाए जबकि दो विकेट रविचंद्रन अश्विन (39 रन पर दो विकेट) के खाते में गए।

इंग्लैंड ने दूसरे सत्र में 94 रन जोड़कर छह विकेट गंवाए।

भारत अगर डीआरएस का सहारा लेता तो कुलदीप को सत्र की दूसरी गेंद पर ही सलामी बल्लेबाज जैक क्राउली (108 गेंद में 79 रन) का विकेट मिल जाता।

कुलदीप को हालांकि ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा और उन्होंने ऑफ साइड से तेजी से अंदर की ओर स्पिन होती गेंद पर क्राउली को लेग स्टंप उखाड़ दिया।

अपना 100वां टेस्ट खेल रहे जॉनी बेयरस्टो (19 गेंद में 29 रन) ने आक्रामक रवैया अपनाया लेकिन अधिक देर नहीं टिक सके। वह दो छक्के और दो चौके मारने के बाद कुलदीप की गुगली पर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को कैच दे बैठे। इस समय टीम का स्कोर चार विकेट पर 175 रन था।

कुलदीप ने इसके बाद जो रूट (26) और इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स (00) को पगबाधा किया। इन तीनों की बल्लेबाजों ने डीआरएस का सहारा लिया और मेहमान टीम ने अपने तीनों डीआरएस गंवा दिए।

अश्विन ने इसके बाद तीन गेंद के भीतर टॉम हार्टले (06) और मार्क वुड (00) को आउट करके इंग्लैंड का स्कोर आठ विकेट पर 183 रन किया। हार्टले ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर पदार्पण कर रहे देवदत्त पडिक्कल को कैच थमाया जबकि वुड स्लिप में रोहित शर्मा को कैच दे बैठे।

सुबह के सत्र में क्राउली ने भारतीय तेज गेंदबाजों का डटकर सामना करते हुए अर्धशतक जड़ा और लंच तक इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 100 रन तक पहुंचाया।

उम्मीद के मुताबिक जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की तेज गेंदबाजी जोड़ी ने क्राउली और बेन डकेट (58 गेंद में 27 रन) को परेशान किया लेकिन इंग्लैंड की सलामी जोड़ी भारतीय गेंदबाजों को 18 ओवर तक सफलता से महरूम रखने में सफल रही।

मौजूदा श्रृंखला में इंग्लैंड की ओर से शानदार प्रदर्शन करने वाले क्राउली ने अपने शॉट चयन में सावधानी बरती और तेज गेंदबाजों के खिलाफ कुछ शानदार कवर ड्राइव खेले।

अपना 100वां टेस्ट खेल रहे अश्विन पहले बदलाव के रूप में गेंदबाजी करने आए जबकि 18वें ओवर में कुलदीप को गेंदबाजी के लिए लाया गया।

शुरुआती पांच गेंद में दो चौके लगने के बावजूद कुलदीप गेंद को फ्लाइट करने से नहीं डरे और उन्हें इसका इनाम मिला जब डकेट बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में गेंद को हवा में लहरा गए और शुभमन गिल ने कवर से पीछे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच लपका।

डकेट की तरह क्राउली को भी तेज गेंदबाजों ने परेशान किया लेकिन उन्होंने अपने कवर ड्राइव खेलने के लिए सही गेंदों का चयन किया। डीआरएस के करीबी फैसले में बचने के बाद उन्होंने चौके के साथ श्रृंखला का अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया।

अगले ओवर में क्राउली ने अश्विन पर लॉन्ग ऑन पर छक्का जड़ा।

लंच के ठीक पहले कुलदीप ने इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया जब ओली पोप (11) शॉट खेलने के लिए क्रीज से बाहर निकले लेकिन गुगली को चूक गए और जुरेल ने उन्हें स्टंप कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Pakistan vs Bangladesh T20I Stats: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान या बांग्लादेश, किस टीम का पलड़ा है भारी? यहां देखें दोनों टीमों के हेड टू हेड आंकड़े

Pakistan vs Bangladesh, Asian Games 2026 1st Semi Final Match Winner Prediction: पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान की युवा टीम मारेगी बाजी या लिटन दास की बांग्लादेश करेगी फाइनल में एंट्री? मैच से पहले जानें कौनसी टीम का पलड़ा भारी

Pakistan vs Bangladesh, Asian Games 2026 1st Semi Final Match Korogi Sports Park Pitch Report: कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में बल्लेबाजों का चलेगा बल्ला या स्पिनर्स बरपाएंगे कहर? रोमांचक सेमीफाइनल से पहले जानें पिच रिपोर्ट

Pakistan vs Bangladesh, Asian Games 2026 1st Semi Final Match Preview: एशियाई खेल 2026 के पहले सेमीफाइनल में आज पाकिस्तान और बांग्लादेश की होगी टक्कर, यहां जानें हेड टू हेड, पिच रिपोर्ट, मिनी बैटल समेत सारे डिटेल्स