जरुरी जानकारी | कोविड-19: प्राधिकरण ने अडाणी समूह को तीन हवाईअड्डे संभालने को दिया अतिरिक्त समय

नयी दिल्ली, 20 जून भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने अडाणी समूह को कोविड-19 परिदृश्य के मद्देनजर अहमदाबाद, मंगलुरु और लखनऊ हवाई अड्डों के प्रबंधन को संभालने के लिये तीन महीने का अतिरिक्त समय दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

अडाणी समूह को पहले 12 अगस्त तक इन तीनों हवाई अड्डों के संचालन, प्रबंधन और विकास का भार संभालने की उम्मीद थी। अब कंपनी को इसके लिये 12 नवंबर तक का समय मिल गया है।

यह भी पढ़े | जम्मू कश्मीर: शोपियां एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने अब तक 5 आतंकियों को किया ढेर, ऑपरेशन जारी.

मंत्रालय के एक बयान में कहा गया, ‘‘कोविड-19 के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनजर अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने मार्च 2020 में समयसीमा में विस्तार देने की मांग की थी। कंपनी ने इन तीनों हवाईअड्डों की जिम्मेदारी संभालने के लिये 15 फरवरी 2021 तक का समय मांगा था। एएआई ने अतिरिक्त तीन महीने का समय देने पर सहमति व्यक्त की है।"

सरकार ने 2018 में लखनऊ, अहमदाबाद, जयपुर, मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम और गुवाहाटी के हवाई अड्डों के निजीकरण का फैसला किया था। यह सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के माध्यम से इन हवाई अड्डों के संचालन, प्रबंधन और विकास के लिये था।

यह भी पढ़े | चीन पर राम माधव बोले-सीमा पर सतर्कता और शक्ति से पहरा देना हमारी पहली प्राथमिकता.

अडाणी एंटरप्राइजेज ने प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के बाद इन छह हवाई अड्डों के परिचालन के अधिकार हासिल किये थे। कंपनी ने इस साल 14 फरवरी को तीन हवाई अड्डों ‘अहमदाबाद, मंगलुरु और लखनऊ’ के लिये एएआई के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किये थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)