इंदौर (मध्यप्रदेश),11 जुलाई इंदौर में कोविड-19 के मरीजों की तादाद में पखवाड़े भर से जारी तेजी के बीच 70 साल की महिला की महामारी की चपेट में आने के बाद मौत हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. अमित मालाकार ने बताया, ‘‘एनीमिया की गंभीर परेशानी के चलते एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई 70 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान रविवार को आखिरी सांस ली। वह मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थी।"
मालाकार ने बताया कि बुजुर्ग महिला ने कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराकें ले रखी थीं।
इस बीच, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. बीएस सैत्या ने बताया कि इंदौर जिले में पिछले 15 दिनों से कोविड-19 के मामले बढ़ जरूर रहे हैं, लेकिन ज्यादातर संक्रमितों में महामारी के गंभीर लक्षण नहीं हैं।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में 70 नये मामलों के साथ कोविड-19 के कुल मरीजों की तादाद बढ़कर 2,09,203 पर पहुंच गई और इनमें से 1,464 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
इंदौर में महामारी का पहला मामला 24 मार्च 2020 को मिला था।
हर्ष
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY