खेल की खबरें | केआईवाईजी: आदित्य पिसल ने दो स्वर्ण पदक के साथ बटोरीं सुर्खियां

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. आदित्य पिसल ने ‘खेलो इंडिया युवा खेलों (केआईवाईजी)’ में मंगलवार को यहां एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दो नये मीट रिकॉर्ड के साथ दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी फर्राटा दौड़ के कौशल से सुर्खियां बटोरीं।

पटना, 13 मई आदित्य पिसल ने ‘खेलो इंडिया युवा खेलों (केआईवाईजी)’ में मंगलवार को यहां एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दो नये मीट रिकॉर्ड के साथ दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी फर्राटा दौड़ के कौशल से सुर्खियां बटोरीं।

उन्होंने लड़कों की 100 मीटर दौड़ 10.62 सेकंड में जीतने के बाद महाराष्ट्र की रिले टीम को चार गुणा 100 मीटर की दौड़ में शीर्ष स्थान दिलाने में मदद की। पिसल, अर्जुन देशपांडे, 110 मीटर बाधा दौड़ के स्वर्ण पदक विजेता सैफ चापेकर और रुद्र शिंदे की महाराष्ट्र की चौकड़ी ने इस स्पर्धा को 41.55 सेकंड के साथ जीता। यह दोनों इस स्पर्धा के नये मीट रिकॉर्ड है।

पिसल उस दिन स्टार परफॉर्मर के रूप में उभरे जब पांच मीट रिकॉर्ड स्थापित किए गए, जिनमें लड़कियों की त्रिकूद में साधना रवि (तमिलनाडु) और लड़कियों की चक्का फेंक में रिद्धि (हरियाणा) द्वारा कायम किये गये रिकॉर्ड भी शामिल है।

बिहार के एथलीटों ने मंगलवार को तीन रजत और एक कांस्य पदक जीता।

एडविना जेसन ने 55.90 सेकंड के समय के साथ लड़कियों की 400 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता।  उन्होंने हरियाणा की दीपिका को पछाड़ा।

प्रिशा मिश्रा केआईवाईजी 2025 की सबसे तेज धाविका बन बनकर उभरीं, उन्होंने 100 मीटर की दौड़ 11.85 सेकंड में पूरी की। वह चार गुणा 100 मीटर रिले में दूसरे पदक की उम्मीद कर रही थीं, लेकिन चौकड़ी में दो सबसे तेज धावक होने के बावजूद हरियाणा शीर्ष तीन से बाहर रहा।

सौ मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली महाराष्ट्र की शौर्य अंबुरे ने फर्राटा दौड़ में 12.02 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ  समय के साथ रजत पदक हासिल किया। उन्होंने राष्ट्रीय युवा चैंपियन आरती को पीछे छोड़ा। इस फर्राटा धाविका ने बाद में लड़कियों की चार गुणा 100 मीटर रिले में महाराष्ट्र को आसान जीत दिलायी।

दिन के अन्य स्वर्ण पदक विजेताओं में उत्तर प्रदेश के बबलू कुमार (लड़कों की 1500 मीटर दौड़), झारखंड के हिमांशु कुमार (लड़कों की ऊंची कूद), राजस्थान के अंश (लड़कों की तार गोला फेंक), महाराष्ट्र की जान्हवी ज्ञानेश्वर हिरुदकर शामिल थीं, जो लड़कियों की 1500 मीटर दौड़ में मीट रिकॉर्ड बनाने से चूक गईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\