खट्टर ने आईएएस अधिकारी का इस्तीफा अस्वीकार किया: केंद्रीय मंत्री गुर्जर
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘बेटी रानी नागर को न्याय दिलाने के प्रयास फलीभूत हुए।’’
चंडीगढ़, सात मई केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बृहस्पतिवार को कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आईएएस अधिकारी रानी नागर का इस्तीफा अस्वीकार कर दिया है और केंद्र को सिफारिश भेजी है कि उनका कैडर बदलकर उनका गृह राज्य उत्तर प्रदेश कर दिया जाए।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘बेटी रानी नागर को न्याय दिलाने के प्रयास फलीभूत हुए।’’
हरियाणा कैडर की, 2014 बैच की आईएएस अधिकारी ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया था और इसकी वजह सरकारी ड्यूटी के दौरान निजी सुरक्षा को बताया था।
गुर्जर के ट्वीट से कुछ घंटे पहले नागर ने ट्वीट किया कि अगर उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया गया तो ‘‘उनका और शोषण’’ होगा।
उन्होंने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि चंडीगढ़ में गेस्ट हाउस में कई बार उनके खाने में स्टेपलर पिन मिले हैं।
विपक्षी कांग्रेस ने नागर के इस्तीफे को स्तब्धकारी बताया था और कहा कि क्या यह मुख्यमंत्री खट्टर की विफलता का सबूत नहीं है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)