देश की खबरें | ईएसजेड मुद्दे पर केरल उच्चतम न्यायालय का रुख करेगा : राज्य के वन मंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के वन मंत्री ए.के. शशिन्द्रन ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य उच्चतम न्यायालय का रुख कर पारिस्थितिकी रूप से संवेदनशील क्षेत्रों (ईएसजेड) पर शीर्ष न्यायालय के हालिया फैसले का क्रियान्वयन करने में बसावट वाले इलाकों के लिए छूट मांगेगा।
तिरूवनंतपुरम/नयी दिल्ली, 14 जुलाई केरल के वन मंत्री ए.के. शशिन्द्रन ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य उच्चतम न्यायालय का रुख कर पारिस्थितिकी रूप से संवेदनशील क्षेत्रों (ईएसजेड) पर शीर्ष न्यायालय के हालिया फैसले का क्रियान्वयन करने में बसावट वाले इलाकों के लिए छूट मांगेगा।
साथ ही, उन्होंने इस मुद्दे को लेकर केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से हुई मुलाकात को सकारात्मक बताया।
शशिन्द्रन ने नयी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के बाद कहा कि केंद्र ने संबद्ध राज्यों को सूचित किया है कि वे विषय में कानूनी कार्यवाही के साथ आगे बढ़ सकते हैं और इस मुद्दे पर दक्षिणी राज्यों के रुख का स्वागत किया।
शशिन्द्रन ने कहा, ‘‘राज्यों की मांग के प्रति केंद्र का सकारात्मक रुख है। आज की मुलाकात से मुझे यह समझ में आया है कि वे कानूनी तरीके से आगे बढ़ सकते हैं। मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने हमारे रुख का स्वागत किया और आश्वस्त किया कि हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। हमारा फैसला इस विषय पर उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर करने का है। ’’
शीर्ष न्यायालय ने तीन जून को सभी वन्यजीव अभ्यारण्यों के चारों ओर एक किमी क्षेत्र को ईएसजेड घोषित कर दिया था।
यह पूछे जाने पर कि क्या केंद्र भी ईएसजेड मुद्दे पर शीर्ष न्यायालय का रुख करेगा, शशिन्द्रन ने कहा कि उन्हें ऐसी उम्मीद है।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘केरल के वन एवं वन्यजीव संरक्षण मंत्री ए. के. शशिन्द्रन से मुलाकात की। हमने राज्य के पर्यावरण एवं सतत विकास के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की। उन्हें केरल के पर्यावरण के संरक्षण के लिए केंद्र की ओर से पूरा सहयोग मिलने का आश्वासन दिया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)