देश की खबरें | केरल: सतीशन ने शशि थरूर के आलेख पर सवाल उठाए, कांग्रेस सांसद ने दी प्रतिक्रिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के हाल ही में एक अंग्रेजी दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित उस आलेख पर शनिवार को सवाल उठाया, जिसमें वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य में उद्यमशीलता के विकास की सराहना की गई है।
मलप्पुरम/तिरुवनंतपुरम (केरल), 15 फरवरी केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के हाल ही में एक अंग्रेजी दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित उस आलेख पर शनिवार को सवाल उठाया, जिसमें वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य में उद्यमशीलता के विकास की सराहना की गई है।
थरूर ने सतीशन के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका आलेख "तथ्यों, दस्तावेजों, आंकड़ों और तारीखों" के साथ-साथ ‘ग्लोबल स्टार्टअप इकोसिस्टम रिपोर्ट’ और "केरल के प्रदर्शन" पर आधारित था।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि जब भी राज्य सरकार या केंद्र ने कुछ गलत किया है, तो उन्होंने उसकी आलोचना की है और इसी तरह जब वे कुछ अच्छा करते हैं, तो उसकी प्रशंसा की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले 18 महीने के दौरान वाम मोर्चा सरकार ने केरल में उद्यमिता, निवेश और विकास को बेहतर बनाने पर काम किया, जिसकी राज्य को लंबे समय से जरूरत थी।
थरूर ने कहा, “व्यापार में सुगमता के मामले में केरल शीर्ष पर है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) यह रैंकिंग जारी नहीं करती। हम इस पर आंखें मूंद नहीं सकते। हम हर चीज में राजनीति नहीं कर सकते, खासकर जहां जन हित की बात हो।”
कांग्रेस सांसद ने तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “अगर हम केरल के भविष्य को लेकर में गंभीर हैं, तो हमें अपने राजनीतिक झुकाव से परे चीजों को देखने की जरूरत है।”
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में उद्यमिता, निवेश और विकास को बढ़ावा देने के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों को एक साथ खड़ा होना चाहिए।
थरूर ने अपने आलेख में यह भी कहा था कि केरल भारत के प्रौद्योगिकीय और उद्यमशीलता परिवर्तन का नेतृत्व करते रहने के लिए अच्छी स्थिति में है।
शनिवार को यहां पेरिंथलमन्ना में पत्रकारों से बात करते हुए सतीशन ने कहा कि न तो वह और न ही पार्टी (कांग्रेस) जानती है कि उन्होंने (थरूर) किन परिस्थितियों या आंकड़ों के आधार पर आलेख लिखा गया था।
उन्होंने कहा, "पार्टी उन परिस्थितियों या आंकड़ों की पड़ताल कर सकती है, जिनके आधार पर उन्होंने यह आलेख लिखा है।"
केरल में औद्योगिक क्षेत्र के बारे में थरूर द्वारा कही गई बातों को खारिज करते हुए सतीशन ने दावा किया कि राज्य में अच्छा औद्योगिक माहौल नहीं है।
उन्होंने कहा, "इसमें सुधार की जरूरत है। हम चाहते हैं कि इसमें सुधार हो।"
दूसरी ओर, केरल के उद्योग मंत्री पी राजीव ने थरूर के आलेख का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस सांसद हमेशा तथ्यों के आधार पर बात करते हैं।
राजीव ने कहा कि कांग्रेस सांसद ने पूरे राज्य की प्रशंसा की है, न कि केवल वामपंथी सरकार या मुख्यमंत्री की।
उन्होंने कहा, "विपक्ष भी उस प्रशंसा का हिस्सा होने का दावा कर सकता है, क्योंकि उनके निर्वाचन क्षेत्र में विकास और उद्यमशीलता के कई काम हुए हैं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)