केरल ने राज्य से बाहर फंसे अपने नागिरकों के लिए खोली सीमा
अन्य राज्यों से केरल में प्रवेश के लिए राज्य ने पहले एक आदेश जारी किया था जिसमें लोगों के प्रवेश के लिए छह बिंदू बनाए गए।
तिरुवनंतपुरम, चार मई केरल ने कोविड-19 बंद की वजह से दूसरे राज्यों में फंसे अपने नागरिकों की वापसी के लिए राज्य में छह स्थानों पर अपनी सीमाएं खोल दी हैं।
अन्य राज्यों से केरल में प्रवेश के लिए राज्य ने पहले एक आदेश जारी किया था जिसमें लोगों के प्रवेश के लिए छह बिंदू बनाए गए।
तिरुवनंतपुरम के इंचिविला, कोल्लम के आर्यनकावु, इडुक्की के कुमीली, पलक्कड़ के वालयार, वायनाड मे मुथंगा और कासरगोड़ के मंजेश्वरम में बाहर से आ रहे राज्य के लोग प्रवेश कर सकते हैं।
नोर्का (गैर निवासी केरलवासी मामले) विभाग ने रविवार को कहा कि दूसरे राज्यों से केरल के कम से कम 1.5 लाख लोगों ने सीमाएं खोलने के बाद प्रवेश के लिए पंजीकरण किया है।
राज्य सरकार के आदेश के अनुसार विभाग ने जिला प्रशासन को प्रत्येक प्रवेश स्थान पर एक अवसर पर कम से कम 500 लोगों के रहने की व्यवस्था और वाहनों की पार्किंग के लिए भी पर्याप्त स्थान रखने का आदेश दिया है।
कासरगोड़ जिला कलेक्टर डी सजीत बाबू ने संवाददाताओं को बताया कि दूसरे राज्यों से आने वाले वाले केरल के लोगों के लिए पहले ही 60 काउंटर बनाए गए हैं और जरूरत पड़ी तो अतिरिक्त भी बनाए जाएंगे। इस काम में अभी पुलिस और स्कूल शिक्षक, स्वास्थ्य एवं राजस्व अधिकारी मदद कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नोर्का में जिन लोगों ने भी पंजीकरण कराया है, उनके पास वाहन पास होगा और सीमा पर उनकी जांच भी की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सीमा पर पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की है ताकि लक्षण दिखने वाले लोगों को अस्पताल ले जा सके।
केरल में रविवार को संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया जबकि एक व्यक्ति संक्रमण से मुक्त हुआ है। अब तक राज्य में 499 लोग संक्रमित हो चुके हैं और चार की मौत हो चुकी है। केरल में 401 व्यक्ति इस वायरस से स्वस्थ हो चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)