देश की खबरें | केरल:विषाक्त भोजन की घटनाओं के बाद जिलों में भोजनालयों के निरीक्षण का आदेश

कोट्टायम (केरल), तीन जनवरी केरल में विषाक्त भोजन की घटनाओं के मद्देनजर राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने मंगलवार को सभी 14 जिलों में व्यापक निरीक्षण करने और बिना लाइसेंस या मिलावटी भोजन और अस्वास्थ्यकर भोजन परोसने वाली दुकानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि मंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग को इस संबंध में निर्देश दिया है।

विज्ञप्ति के अनुसार जॉर्ज ने खाद्य सुरक्षा विभाग को राज्य भर के भोजनालयों का निरीक्षण करने और मिलावटी या अस्वास्थ्यकर भोजन और खाना पकाने की अस्वास्थ्यकर स्थिति पाए जाने पर उनके लाइसेंस रद्द करने का निर्देश दिया। विज्ञप्ति में कहा गया है कि बिना लाइसेंस या पंजीकरण के ये प्रतिष्ठान संचालित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई का आदेश दिया गया है।

मंत्री ने कहा, ‘‘मिलावटी भोजन परोसना एक अपराध है। सरकार इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी, जिसमें लाइसेंस रद्द करना भी शामिल है, क्योंकि यह लोगों के स्वास्थ्य और जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करने वाला मामला है।’’ उन्होंने कहा कि एक बार लाइसेंस रद्द होने के बाद दोबारा लाइसेंस हासिल करना मुश्किल होगा।

मंत्री ने भोजनालयों के साथ-साथ भोजन तैयार करने और वितरित करने वालों से सतर्कता बरतने को कहा, ताकि यह सुनिश्चित हो कि इससे लोगों का स्वास्थ्य और जीवन प्रभावित नहीं हो।

राज्य के पथनमथिट्टा और कोट्टायम जिलों से विषाक्त भोजन के सेवन की घटनाएं सामने आने के बाद ये निर्देश जारी किये गये हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)