देश की खबरें | केरल: ईडी ने करुवन्नूर सहकारी बैंक धोखाधड़ी मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को कहा कि उसने माकपा संचालित करुवन्नूर सहकारी बैंक में 150 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़ी धनशोधन जांच के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

नयी दिल्ली/कोच्चि, पांच सितंबर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को कहा कि उसने माकपा संचालित करुवन्नूर सहकारी बैंक में 150 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़ी धनशोधन जांच के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

ईडी ने एक बयान में कहा कि सतीश कुमार पी और किरन पी. पी. को सोमवार को हिरासत में लिया गया और एक विशेष धनशोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) अदालत ने उन्हें तीन दिन की ईडी की हिरासत में भेज दिया।

ईडी ने इस मामले में पिछले महीने केरल में माकपा के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री ए सी मोइदीन के परिसरों पर छापे मारे थे। विधायक को एजेंसी ने पूछताछ के लिए बुलाया है, लेकिन वह अभी तक उनके सामने पेश नहीं हुए हैं।

कथित धोखाधड़ी का यह मामला 2010 में शुरू हुआ था।

धनशोधन का यह मामला केरल पुलिस द्वारा त्रिशूर में दर्ज 16 प्राथमिकियों पर आधारित है।

ईडी ने आरोप लगाया कि किरण पी. पी. ‘बेनामी संपत्तियों का उपयोग करके बेनामी के नाम पर अवैध रूप से स्वीकृत ऋण के लाभार्थी थे और इस तरह उन्होंने मूलधन और ब्याज सहित 48.57 करोड़ रुपये की आय अपराध से अर्जित की, जिसका बैंक को भुगतान नहीं किया गया।

इसमें दावा किया गया कि सतीश कुमार पी ने भी अनुसूचित अपराध किया और बैंक से अवैध ऋण के रूप में 14 करोड़ रुपये से अधिक की अपराध आय अर्जित की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें