देश की खबरें | केरल : पुथुपल्ली उपचुनाव के मद्देनजर विधानसभा सत्र की अवधि में कटौती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल विधानसभा ने पुथुपल्ली सीट पर आगामी उपचुनाव के मद्देनजर मौजूदा सत्र की अवधि में कटौती करने का बुधवार को फैसला किया।
तिरुवनंतपुरम, नौ अगस्त केरल विधानसभा ने पुथुपल्ली सीट पर आगामी उपचुनाव के मद्देनजर मौजूदा सत्र की अवधि में कटौती करने का बुधवार को फैसला किया।
कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी का 18 जुलाई को निधन होने के चलते पुथुपल्ली सीट खाली हुई थी ।
11 से 24 अगस्त के लिए तय सदन की बैठकें अब 11-14 सितंबर के लिए स्थगित की गयी हैं।
केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन की अध्यक्षता में विधानसभा की कार्य मंत्रणा समिति की सिफारिश पर यह फैसला लिया गया है।
समिति ने सदन में पेश रिपोर्ट में कहा कि उसने 11 से 24 अगस्त के लिए निर्धारित मुद्दों को अब 11 सितंबर से 14 सितंबर के बीच उठाए जाने की सिफारिश करने का फैसला लिया है।
विधानसभा का सत्र सात अगस्त को शुरू हुआ था तथा उसे 24 अगस्त को समाप्त होना था।
निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कोट्टयम जिले में पुथुपल्ली सीट के लिए उपचुनाव पांच सितंबर को कराने की घोषणा की।
उपचुनाव की तारीख घोषित होने के कुछ घंटे बाद कांग्रेस ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को अपना उम्मीदवार घोषित किया। कांग्रेस ने आज से प्रचार भी शुरू कर दिया है।
राज्य में सत्तारूढ़ वाम मोर्चा ने इस सीट के लिए अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)