देश की खबरें | केरल विधानसभा ने कुवैत अग्निकांड के पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल विधानसभा ने बुधवार को कुवैत अग्निकांड में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस घटना में 24 केरलवासियों समेत लगभग 50 लोगों की मौत हो गई थी।

तिरुवनंतपुरम, 19 जून केरल विधानसभा ने बुधवार को कुवैत अग्निकांड में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस घटना में 24 केरलवासियों समेत लगभग 50 लोगों की मौत हो गई थी।

विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमशीर ने विधानसभा में श्रद्धांजलि संदेश पढ़ते हुए कहा कि सदन उन परिवारों के दुख को साझा करता है, जिन्होंने इस घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है।

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि प्रवासी हमारे देश की प्रगति और उन्नति में बहुत हद तक योगदान देते हैं। सदन में उन्होंने बताया कि कैसे प्रवासी मजदूर वैश्विक आर्थिक संकट, युद्ध और बदलते आव्रजन कानूनों जैसी चुनौतियों पर काबू पाकर अपने परिवारों और देश के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं।

उन्होंने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उनमें से कई लोग अपने परिवारों के सपने पूरे करने से पहले ही आग में जलकर मर गए।"

विजयन ने राज्य स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के कुवैत जाने की राजनीतिक मंजूरी नहीं मिलने के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से ऐसे रूख के बाद भी राज्य सरकार ने मृतकों के शवों को वापस लाने और घायलों को समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए समन्वय में केंद्र सरकार के साथ हाथ मिलाया।

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने भी इस घटना पर संवेदना व्यक्त की और अपने प्रियजनों के पार्थिव शरीर को लेने के लिए कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गए परिवार के सदस्यों के दुख को याद किया।

उन्होंने मंत्री जॉर्ज को कुवैत यात्रा की अनुमति न देने के केंद्र के फैसले पर भी कड़ा विरोध दर्ज कराया।

दक्षिणी कुवैत के मंगाफ शहर में 12 जुलाई को एक सात मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी, जिसमें 46 भारतीयों सहित 50 लोगों की जान चली गई थी। कुवैत के अधिकारियों के मुतबिक यह आग गार्ड के कमरे में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। इस इमारत में 196 प्रवासी मजदूर रहते थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\