देश की खबरें | केरल: पुथुपल्ली विधानसभा के उपचुनाव में 72.91 फीसदी मतदान हुआ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के कोट्टायम जिले की पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर मंगलवार को हुए उपचुनाव में 1.76 लाख से अधिक मतदाताओं में से 72.91 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कोट्टायम, पांच सितंबर केरल के कोट्टायम जिले की पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर मंगलवार को हुए उपचुनाव में 1.76 लाख से अधिक मतदाताओं में से 72.91 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
दिन के पहले हिस्से में मतदान में काफी तेजी देखी गई। दोपहर दो बजे तक ही 50 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। हालांकि, इसके बाद मतदान धीमा पड़ गया और चार-पांच घंटों में केवल 22.91 प्रतिशत ही अतिरिक्त मतदान हुआ।
कुल 1,76,417 मतदाताओं में से 1,28,624 लोगों मताधिकार का प्रयोग किया। मताधिकार का प्रयोग करने में 64,084 पुरुष, 64,538 महिलाएं और दो ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
उपचुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की ओर से कुछ चुनिंदा बूथों पर मतदान प्रक्रिया धीमी होने का आरोप लगाया गया। इसके कारण लोगों को वोट देने के लिए कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा और कुछ बिना मतदान किए ही लौट गए।
केरल के दिवंगत मुख्यमंत्री ओमन चांडी के बेटे और यूडीएफ उम्मीदवार चांडी ओमन ने यहां संवाददाताओं के सामने यह आरोप लगाया और इस मामले की जांच कराने की मांग की।
लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) उम्मीदवार जैक सी थॉमस ने भी कहा कि अगर कुछ बूथों पर मतदान प्रक्रिया में देरी हुई है तो इसकी जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, उन्होंने जिन मतदान केंद्रों का दौरा किया था वहां ऐसी समस्या नहीं दिखी।
कई मतदान केंद्रों के बाहर छह बजे के बाद भी लंबी कतार लगी रही। ऐसे में पहले से ही कतार में लगे लोगों को ही क्रमांकित पर्चियां दी गईं ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। मतदान खत्म होने का समय शाम छह बजे निर्धारित था।
सुबह सात बजे मतदान शुरू होने पर मतदान केंद्रों के बाहर पुरुषों, महिलाओं, युवाओं को कतार में खड़े देखा गया। इस चुनाव से यह फैसला होगा कि क्या 53 साल तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं केरल के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत ओमन चांडी के प्रतिनिधित्व वाली सीट को यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) बरकरार रख पाएगा या सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) राज्य विधानसभा में 100 के आंकड़े को छू पाएगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।
चांडी का इस साल 18 जुलाई को निधन हो गया था। उन्होंने पांच दशकों से अधिक समय तक कोट्टायम जिले के इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को चुनाव मैदान में उतारा है। विश्लेषक इस कदम को पूर्व मुख्यमंत्री के निधन के बाद सहानुभूति लहर को भुनाने की एक स्पष्ट रणनीति के रूप में देख रहे हैं।
वहीं, सत्तारूढ़ एलडीएफ ने एक बार फिर डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) नेता जैक सी थॉमस पर भरोसा जताया है, जिन्होंने 2016 और 2021 में दिवंगत चांडी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत नहीं पाए थे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने कोट्टायम जिला अध्यक्ष जी. लिजिनलाल को टिकट दिया है।
पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,76,417 मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें 90,281 महिलाएं, 86,132 पुरुष और चार ट्रांसजेंडर शामिल हैं। क्षेत्र में उपचुनाव के लिए कुल 182 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)