देश की खबरें | महिला सुरक्षा को राजनीति से दूर रखें : मालीवाल ने बड़े शहरों में अपराध बढ़ने पर कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को कहा कि महिला सुरक्षा एक ऐसा मुद्दा है जिसे राजनीति से दूर रखने की जरूरत है और सरकारों तथा पुलिस को शहर को सुरक्षित बनाने के लिए एकजुट होना चाहिए।
नयी दिल्ली, पांच दिसंबर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को कहा कि महिला सुरक्षा एक ऐसा मुद्दा है जिसे राजनीति से दूर रखने की जरूरत है और सरकारों तथा पुलिस को शहर को सुरक्षित बनाने के लिए एकजुट होना चाहिए।
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के नवीनतम आंकड़ों का हवाला देते हुए मालीवाल ने कहा कि आयोग ने पिछले आठ वर्षों में महिलाओं की मदद करने के लिए हर संभव प्रयास किये हैं।
इन आंकड़ों में, 2022 में 19 बड़े शहरों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामले दिल्ली में सर्वाधिक हैं।
मालीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘एक बार फिर दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहरों की सूची में शामिल हो गई है। पिछले आठ वर्षों में हमने महिलाओं की मदद करने के लिए हर संभव प्रयास किये हैं। महिला सुरक्षा एक ऐसा मुद्दा है जिसे राजनीति से दूर रखने की जरूरत है और हमें दिल्ली को सुरक्षित बनाने के लिए अवश्य एकजुट होना चाहिए। सरकारें, पुलिस और डीसीडब्ल्यू को दिल्ली को सुरक्षित बनाने के लिए एकसाथ आना चाहिए।’’
राष्ट्रीय राजधानी में, 2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 14,158 मामले दर्ज किये गए, जो बड़े शहरों में अधिकतम है। इसके बाद मुंबई (6,176) और बेंगलुरु (3,924) का स्थान है।
आंकड़ों से प्रदर्शित होता है कि 2022 में, दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध 2021 के 13,982 से वर्षवार आधार पर 1.25 प्रतिशत बढ़े।
दिल्ली में, 2020 में इस तरह के 9,782 मामले दर्ज किये गए थे।
एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 2022 में बलात्कार के 1,204 मामले दर्ज किये गए। वहीं, दहेज हत्या के 129 मामले दर्ज किये गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)