देश की खबरें | विभाजन की राजनीति और भ्रष्टचार को खारिज करने वाला है कर्नाटक का जनादेश: सोनिया गांधी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने कर्नाटक में गठित अपनी पार्टी की सरकार को शनिवार को बधाई देते हुए कहा कि राज्य का जनादेश जनता एवं गरीबों के हित में काम करने वाली सरकार के लिए है तथा लोगों ने ‘विभाजन की राजनीति’ और भ्रष्टाचार को खारिज कर दिया है।
नयी दिल्ली, 20 मई कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने कर्नाटक में गठित अपनी पार्टी की सरकार को शनिवार को बधाई देते हुए कहा कि राज्य का जनादेश जनता एवं गरीबों के हित में काम करने वाली सरकार के लिए है तथा लोगों ने ‘विभाजन की राजनीति’ और भ्रष्टाचार को खारिज कर दिया है।
उन्होंने एक वीडियो संदेश में कर्नाटक की जनता का आभार जताया और इस बात पर प्रसन्नता जताई कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की अगुवाई में हुई राज्य मंत्रिमंडल की पहली बैठक में ही कांग्रेस की पांचों ‘गारंटी’ को मंजूरी दे दी गई।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए कर्नाटक की जनता का हृदय से आभार जताती हूं। यह जनादेश जनहितैषी सरकार, गरीब हितैषी सरकार के लिए है। यह (जनादेश) विभाजन की राजनीति और भ्रष्टाचार को खारिज करने वाला है।’’
सोनिया ने कहा कि कर्नाटक की समृद्धि, शांति और प्रगति के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत के एक सप्ताह बाद शनिवार को सिद्धरमैया के नेतृत्व में राज्य की नयी सरकार का गठन हो गया। सिद्धरमैया ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। साथ ही, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने भी शपथ ली, जो उप मुख्यमंत्री बने हैं। पार्टी के आठ अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।
कर्नाटक में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीट पर जीत दर्ज की, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा नीत जनता दल (सेक्युलर) ने क्रमश: 66 और 19 सीट पर हासिल की थी। चुनाव परिणाम 13 मई को घोषित किये गये थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)