देश की खबरें | कर्नाटक : मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सत्तारूढ़ कांग्रेस में कलह की खबरों को किया खारिज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस में कलह की खबरों को शुक्रवार को खारिज कर दिया।
बेंगलुरु, 27 जून कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस में कलह की खबरों को शुक्रवार को खारिज कर दिया।
सिद्धरमैया ने लोगों से सहकारिता मंत्री के एन राजन्ना के इस बयान को नजरअंदाज करने को कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस में सत्ता के कई केंद्र हैं।
राजन्ना ने बृहस्पतिवार को कहा था कि सितंबर के बाद कर्नाटक में राजनीतिक घटनाक्रम बदलेगा। मंत्री के इस बयान को कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन का संकेत माना जा रहा है।
सिद्धरमैया ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी के भीतर अंदरूनी कलह कहां है। राजन्ना ने बस इतना कहा है कि राजनीतिक घटनाक्रम का विकास हो रहा है। उन्होंने यह नहीं कहा कि ऐसी-ऐसी चीजें होंगी।’’
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर आप अटकलें लगाने वाली खबर लिखते हैं तो क्या किया जा सकता है। इसे नजरअंदाज करना ही बेहतर है।’’
उन्होंने राजन्ना के इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी कि कर्नाटक में कांग्रेस में सत्ता के कई केंद्र हैं।
राजन्ना ने कहा था, ‘‘कर्नाटक में 2013-18 के दौरान सत्ता का सिर्फ एक ही केंद्र था। अब कई हैं - एक, दो, तीन।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)