देश की खबरें | कर्नाटक: मांड्या में यातायात पुलिस की जांच के दौरान सड़क दुर्घटना में चार वर्षीय बच्ची की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के मांड्या में सोमवार को यातायात पुलिस की जांच के दौरान सड़क दुर्घटना में चार वर्षीय एक बच्ची की मौत होने से लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मांड्या, 26 मई कर्नाटक के मांड्या में सोमवार को यातायात पुलिस की जांच के दौरान सड़क दुर्घटना में चार वर्षीय एक बच्ची की मौत होने से लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों ने इस घटना के लिए यातायात पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद तीन एएसआई (सहायक उपनिरीक्षक) को निलंबित कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, रितिकशा को मद्दुर तालुका के उसके गांव में एक कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद उसके माता-पिता उपचार के लिए दोपहिया वाहन पर उसे मांड्या शहर के एक अस्पताल ले जा रहे थे।

मांड्या के पुलिस अधीक्षक मल्लिकार्जुन बलदंडी ने बताया कि घटना उस समय हुई, जब अस्पताल जा रहे दंपति को यातायात पुलिस ने हेलमेट नहीं पहनने के कारण रोक लिया।

अधिकारी के अनुसार, पूछे जाने पर दंपति ने बताया कि उनकी बेटी को कुत्ते ने काट लिया है और वे इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद यातायात पुलिस ने मोटरसाइकिल को छोड़ दिया।

इसी दौरान एक अन्य वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसके बाद बच्ची मोटरसाइकिल से गिर गई और पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि बच्ची के सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया, “हमने घटना के संबंध में तीन एएसआई को निलंबित कर दिया है।”

घटना के बाद, बच्ची के माता-पिता और अन्य लोगों ने शव को वहीं रखकर प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की। प्रदर्शन के कारण सड़क पर जाम लग गया।

पुलिस ने ‘लापरवाही’ को लेकर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुला।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\