देश की खबरें | कंझावला हादसा: दिल्ली भाजपा ने आप पर राजनीति से प्रेरित बयान देने का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने आम आदमी पार्टी (आप) पर कंझावला दुर्घटना मामले में राजनीति से प्रेरित बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे पुलिस को उसका काम करने देना चाहिए।

नयी दिल्ली, तीन जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने आम आदमी पार्टी (आप) पर कंझावला दुर्घटना मामले में राजनीति से प्रेरित बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे पुलिस को उसका काम करने देना चाहिए।

आप नेताओं ने घटना को लेकर उप राज्यपाल वी के सक्सेना तथा दिल्ली पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा है कि वे भाजपा से संबद्ध एक आरोपी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

नववर्ष की रात एक कार ने 20 वर्षीय युवती के स्कूटर को टक्कर मार दी थी और लड़की को 12 किलोमीटर तक घसीटती हुई ले गई थी। युवती का शव कंझावला में मिला था।

घटना के समय कार में कथित रूप से सवार पांच लोगों पर गैर इरादतन हत्या और अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पांचों को सोमवार को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।

दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी के नेता जिस तरह सुल्तानपुरी (कंझावला) घटना के बाद राजनीति से प्रेरित बयान दे रहे हैं, वह निंदनीय है। बेहतर होगा कि आप दिल्ली पुलिस को इस संवेदनशील मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच करने दे।’’

उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस मामले में गैरजिम्मेदाराना बयान दिया है और अपने सहयोगियों को इस संवेदनशील मामले में बोलने की आजादी दे दी है, जिसकी अपेक्षा नहीं की जाती है।

आप ने कंझावला घटना में कथित चूक के मामले में उप राज्यपाल सक्सेना और बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) को हटाने की मांग की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें