देश की खबरें | भारत की सांस्कृतिक विविधता को रेखांकित करने वाले केंद्र के रूप में उभरा जेएमआई: केंद्रीय मंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने रविवार को जामिया अंतरराष्ट्रीय छात्रावास की आधारशिला रखने के बाद कहा कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई) एक ऐसे शिक्षण संस्थान के रूप में उभरा है, जिसने भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विविधता को रेखांकित किया है।

नयी दिल्ली, नौ जुलाई केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने रविवार को जामिया अंतरराष्ट्रीय छात्रावास की आधारशिला रखने के बाद कहा कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई) एक ऐसे शिक्षण संस्थान के रूप में उभरा है, जिसने भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विविधता को रेखांकित किया है।

सिंह ने तीन छात्रावासों-डॉ. ए पी जे अब्दुल कलाम हॉल, सर ए एम ख्वाजा हॉस्टल और डॉ. बी आर अंबेडकर हॉस्टल का उद्घघाटन भी किया।

जेएमआई की कुलपति प्रोफेसर नजमा अख्तर ने समारोह की अध्यक्षता की, जो विश्वविद्यालय के मीर अनीस हॉल में आयोजित किया गया।

सिंह ने कहा, ''पिछले कुछ वर्षों में जेएमआई एक ऐसे शिक्षण संस्थान के रूप में उभरा है, जिसने भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विविधता को रेखांकित किया है और मेरा मानना है कि यह देश की समावेशी भावना है।'' उन्होंने कहा, ''यह विद्यार्थियों में सीखने की भावना को विकसित करने में मदद करता है, जो परंपराओं को आधुनिकता के साथ, मानवतावाद को व्यवहारवाद के साथ और राष्ट्र निर्माण को व्यावसायिकता के साथ जोड़ता है।'' उन्होंने कहा कि यह उच्च शिक्षा में जामिया के योगदान का एक संकेत है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने समय की जरूरत के साथ छात्रों को आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने में मदद की है।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी एक बयान में मंत्री के हवाले से कहा गया, ''इसमें कोई दो राय नहीं हैं कि शिक्षा की गुणवत्ता ने देश के चहुंमुखी विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और इस संबंध में जामिया ने एक महत्वपूर्ण किरदार अदा किया है।'' उन्होंने कहा, ''मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि जामिया उन विश्वविद्यालयों में से एक है, जो प्रौद्योगिकी रूप से लैस और आधुनिक शिक्षा से भरा ओतप्रोत है।''

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के महत्वपूर्ण बिंदुओं को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने में अख्तर के प्रयासों की सराहना करते हुए सिंह ने कहा, ''मुझे यह जानकर खुशी हो रही है कि जामिया ने अपनी शैक्षणिक नीतियों और कार्यक्रमों को एनईपी 2020 के साथ संरेखित किया है।''

केंद्रीय मंत्री का आधिकारिक स्वागत करने के बाद अख्तर ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को उनकी शक्ति और कौशल में दृढ़ विश्वास के साथ आगे बढ़ाने का काम कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now