देश की खबरें | जेकेपीसी नेता ने मोहर्रम बैठक में नौकरशाह पर ‘अपमान’ करने का आरोप लगाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस (जेकेपीसी) ने सोमवार को आरोप लगाया कि मोहर्रम की तैयारी को लेकर उपराज्यपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में नौकरशाह द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेता और शिया धर्मगुरु इमरान अंसारी का ‘अपमान’ किया गया।
श्रीनगर, 24 जुलाई जम्मू कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस (जेकेपीसी) ने सोमवार को आरोप लगाया कि मोहर्रम की तैयारी को लेकर उपराज्यपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में नौकरशाह द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेता और शिया धर्मगुरु इमरान अंसारी का ‘अपमान’ किया गया।
पार्टी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘धार्मिक नेता इमरान अंसारी के प्रति राज्य प्रशासन द्वारा किए गए व्यवहार की जेकेपीसी कड़ी निंदा करती है। पहले राजनीतिक नेताओं का अपमान किया गया और अब ये धार्मिक नेताओं को अपमानित कर रहे हैं।’’
अंसारी के करीबी सूत्रों के अनुसार, शिया नेता ने प्रशासन की ओर से श्रीनगर में पारंपरिक मार्गों पर मोहर्रम जुलूस में भाग लेने के लिए 100 व्यक्तियों की सीमा निर्धारित करने पर आपत्ति जताई थी।
सूत्रों ने बताया कि अंसारी ने इस बात पर प्रकाश डाला था कि जब कश्मीर का पूरा प्रशासन और स्थानीय लोग लाखों अमरनाथ यात्रियों का स्वागत कर रहे हैं, तो मोहर्रम जुलूस में व्यक्तियों की संख्या निर्धारित करने का कोई औचित्य नहीं है।
उन्होंने बताया कि बैठक में मौजूद एक वरिष्ठ अधिकारी ने अंसारी के बयान पर आपत्ति जताई, जिसकी वजह से दोनों के बीच बहस हो गई। सूत्रों ने बताया कि अंसारी ने बाद में बैठक से बहिष्कार किया।
अंसारी ने कहा, ‘‘मुझे समझ नहीं आता कि ये राजनेता हैं या नौकरशाह। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि ये देश के बाकी हिस्सों में किसी भी व्यक्ति से इस लहजे में बात करके दिखाएं। क्या हम दोयम दर्जे के नागरिक हैं, जिन्हें इन नौकरशाहों को अपमानित करने का लाइसेंस दिया गया है?’’
उन्होंने कहा, ‘‘उपराज्यपाल एक राजनेता हैं, जिनका चयन केंद्र सरकार ने किया है। वह निर्वाचित नहीं हैं। मुझे उम्मीद है कि वह इसे ध्यान में रखेंगे। मैं यह देखना चाहूंगा कि क्या वह अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश में एक नौकरशाह के इसी तरह के व्यवहार की सराहना करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)