ताजा खबरें | झारखंड: चुनाव मैदान में उतरे 12 विधायकों में चार बने सांसद
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. झारखंड में लोकसभा चुनाव लड़ने वाले 12 विधायकों में से चार जीत गए हैं।
रांची, पांच जून झारखंड में लोकसभा चुनाव लड़ने वाले 12 विधायकों में से चार जीत गए हैं।
'इंडिया’ गठबंधन ने सात मौजूदा विधायकों को चुनाव मैदान में उतारा था, जिसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने चार, कांग्रेस ने दो और भाकपा (माले) ने एक विधायक को प्रत्याशी बनाया था। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन विधायकों को लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया था।
झामुमो के दो बागी विधायकों ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था।
मंगलवार को घोषित चुनाव नतीजों के अनुसार झामुमो विधायकों जोबा माझी तथा नलिन सोरेन और भाजपा विधायकों दूलु महतो एवं मनीष जायसवाल ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की।
मनोहरपुर से झामुमो विधायक जोबा माझी ने सिंहभूम में भाजपा की अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी गीता कोरा को 1.68 लाख मतों के भारी अंतर से हराया।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोरा लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हो गई थीं।
दुमका में शिकारीपाड़ा विधानसभा सीट से झामुमो के सात बार विधायक रहे नलिन सोरेन ने भाजपा की सीता सोरेन को 22,527 मतों से हराया।
सीता सोरेन जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी हैं।
भाजपा की ओर से धनबाद-बाघमारा से विधायक दूलु महतो ने कांग्रेस की अनुपमा सिंह को 3.31 लाख मतों से हराकर धनबाद लोकसभा सीट जीती।
हजारीबाग में भाजपा विधायक मनीष जायसवाल ने कांग्रेस के जेपी पटेल को 2.76 लाख मतों के अंतर से हराया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)