जरुरी जानकारी | जापान का भारत में निवेश यहां के माहौल पर निर्भर करेगा: राजनयिक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारत में जापान दूतावास के उप-प्रमुख कावाजु कुनिहिको ने रविवार को कहा कि अगले पांच वर्षों में उनके देश से 5,000 अरब येन का निवेश लक्ष्य भारत में ‘निवेश के माहौल’ पर निर्भर करेगा।
गुवाहाटी, 29 मई भारत में जापान दूतावास के उप-प्रमुख कावाजु कुनिहिको ने रविवार को कहा कि अगले पांच वर्षों में उनके देश से 5,000 अरब येन का निवेश लक्ष्य भारत में ‘निवेश के माहौल’ पर निर्भर करेगा।
हालांकि, कुनिहिको ने कहा कि जापान और भारत के संबंध हर एक क्षेत्र में प्रगाढ़ हो रहे हैं। यहां एक कार्यक्रम से इतर कुनिहिको ने कहा, ‘‘हम भारत में अगले पांच साल में 5,000 अरब येन के निवेश लक्ष्य की घोषणा कर चुके हैं। यह सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों से होगा और विभिन्न परियोजनाओं के लिए भारत को कर्ज देना भी इसमें शामिल है।’’
उन्होंने कहा कि जिन प्रमुख क्षेत्रों में मुख्य रूप से निवेश होगा वे हैं विनिर्माण, जलवायु परिवर्तन और अवसंरचना।
कुनिहिको ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि हम इस लक्ष्य को पा लेंगे। हालांकि, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि भारत में निवेश का माहौल कितना बेहतर है। भारतीय पक्ष की ओर से प्रयास और सहयोग के बगैर निवेश लक्ष्य को पाना मुश्किल होगा।’’
निवेश माहौल से उनका क्या मतलब है? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ऊर्जा आपूर्ति, अवसंरचना विकास पर जोर और नीतिगत स्थिरता भारत में पूंजी आकर्षित करने के लिए अहम हैं। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के बीच संबंध 21वीं सदी में लगातार ऊंचाई पर जा रहे हैं।
मार्च में जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने घोषणा की थी जापान अगले पांच साल में भारत में 5,000 अरब येन (3,20,000 करोड़ रुपये) का निवेश करेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)