देश की खबरें | भारत की भांग निर्मित पहली औषधि परियोजना का नेतृत्व करेगा जम्मू: जितेंद्र सिंह

जम्मू, 23 जुलाई केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि जम्मू, भारत की भांग निर्मित पहली औषधि परियोजना का नेतृत्व करने जा रहा है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सीएसआईआर-आईआईआईएम द्वारा शुरू की गई इस परियोजना के तहत तंत्रिका तंत्र और मधुमेह संबंधी बीमारियों के लिए निर्यात गुणवत्ता वाली दवाओं का उत्पादन किया जाएगा।

सिंह ने जम्मू के निकट चाथा में 'वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद-भारतीय एकीकृत चिकित्सा संस्थान' (सीएसआईआर-आईआईआईएम) के भांग की खेती वाले स्थल का दौरा करने के बाद यह टिप्पणी की।

सीएसआईआर-आईआईआईएम जम्मू की 'भांग अनुसंधान परियोजना' एक कनाडाई फर्म के साथ सार्वजनिक-निजी साझेदारी में देश में अपनी तरह की पहली परियोजना है, जिसमें "मानव जाति की भलाई के लिए विशेष रूप से तंत्रिका तंत्र, कैंसर और मिर्गी जैसी बीमारियों से पीड़ित लोगों का उपचार संभव है।"

सिंह ने संस्थान के संरक्षित क्षेत्र में भांग की खेती के तरीकों और इस महत्वपूर्ण पौधे पर किए जा रहे अनुसंधान कार्य के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए संबंधित स्थल का दौरा किया।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, "सीएसआईआर-आईआईआईएम की यह परियोजना 'आत्मनिर्भर भारत' के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सभी मंजूरी मिलने के बाद, यह तंत्रिका तंत्र और मधुमेह संबंधी बीमारियों के लिए निर्यात गुणवत्ता वाली विभिन्न प्रकार की दवाओं का उत्पादन करने में सक्षम होगी।"

उन्होंने कहा कि चूंकि जम्मू-कश्मीर और पंजाब मादक पदार्थों के दुरुपयोग से प्रभावित हैं, इसलिए इस तरह की परियोजना से जागरूकता फैलेगी कि भांग का उपयोग घातक बीमारियों से पीड़ित रोगियों के लिए एक औषधि के रूप में किया जा सकता है।

सीएसआईआर-आईआईआईएम के निदेशक जबीर अहमद ने मंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान में सीएसआईआर-आईआईआईएम के पास देश के विभिन्न हिस्सों से एकत्र की गई भांग की 500 से अधिक प्राप्तियों का भंडार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)