जम्मू, 16 मार्च जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में पिछले तीन वर्षों में निष्क्रिय बैंक खातों से 1.26 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि की कथित हेराफेरी करने को लेकर शनिवार को एक बैंक अधिकारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
रियासी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने बताया कि जेएंडके बैंक की पौनी शाखा के सहायक प्रबंधक इश्विंदर सिंह रानयाल की धोखाधड़ी पिछले महीने तब उजागर हुई जब आरोपी ने एक सक्रिय खाते से पैसे निकाले और संबंधित खाताधारक ने इस संबंध में शिकायत दर्ज करायी।
शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने और अपराध की गंभीरता का अहसास होने के बाद विशेष टीम बनायी गयी तथा आखिरकार आज सुबह रानयाल को जम्मू की सैनिक कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया। रानयाल पौनी का निवासी है।
उन्होंने कहा, ‘‘ अपराधी पिछले एक महीने से गिरफ्तारी से बच रहा था। उसने जेएंडके बैंक की पौनी शाखा में खातों में धोखाधड़ी और जालसाजी के जरिए 126.34 लाख रुपये की जनधन की चपत लगायी।’’
उन्होंने बताया कि दरअसल आरोपी निष्क्रिय पड़े खातों को बड़ी होशियारी से सक्रिय कर देता और फिर अवैध तरीके से उससे पैसे निकाल लेता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘ यह तौर-तरीका कथित रूप से पिछले तीन सालों से चल रहा था और आरोपी सहायक प्रबंधक ने अवैध तरीके से 126.34 लाख रुपये निकाल लिये। वह पौनी का निवासी है।’’
निष्क्रिय खाता ऐसा खाता है जिसमें लंबे समय तक ब्याज राशि जमा होने के अलावा कोई लेन-देन नहीं होता है। निष्क्रियता अवधि के बाद ये खाते राज्य के बिना दावे की संपत्ति बन जाते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY