देश की खबरें | खेत में गिरा जगुआर विमान का ईंधन टैंक, वायु सेना का दल पहुंचा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश में गोरखपुर से एक प्रशिक्षण अभियान पर उड़ान भरने वाले भारतीय वायु सेना के एक लड़ाकू विमान में सोमवार को ‘‘तकनीकी खराबी’’ आयी जिसके कारण सुरक्षा के लिए उसके एक अतिरिक्त ईंधन टैंक को गिराना पड़ा।
संत कबीर नगर (उप्र), 24 जुलाई उत्तर प्रदेश में गोरखपुर से एक प्रशिक्षण अभियान पर उड़ान भरने वाले भारतीय वायु सेना के एक लड़ाकू विमान में सोमवार को ‘‘तकनीकी खराबी’’ आयी जिसके कारण सुरक्षा के लिए उसके एक अतिरिक्त ईंधन टैंक को गिराना पड़ा।
लड़ाकू विमान जगुआर का यह अतिरिक्त ईंधन टैंक संत कबीर नगर जिले के खलीलाबाद क्षेत्र के एक खेत में गिरने से इलाके में सनसनी फैल गयी।
भारतीय वायु सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस प्रक्रिया में जान-माल को कोई नुकसान नहीं हुआ।
इससे पहले, पुलिस ने कहा था कि सोमवार को संत कबीर नगर जिले के एक गांव में दो वस्तुएं मिलीं, जो वायुसेना के विमान के ईंधन टैंक से मिलती जुलती थीं।
जिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद वायु सेना का एक दल मौके पर पहुंचा। उसने जांच में पाया कि वह लड़ाकू विमान जगुआर का अतिरिक्त फ्यूल टैंक है।
उन्होंने बताया कि दल इस बात की जांच कर रहा है कि वह फ्यूल टैंक वहां कैसे गिरा। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
दिल्ली में वायु सेना के एक अधिकारी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि ‘‘संचालनात्मक वजहों’’ के कारण अतिरिक्त ईंधन टैंक को गिराना पड़ा।
वायुसेना अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘विमान ने सोमवार को गोरखपुर से उड़ान भरी थी। हालांकि, इसकी सुरक्षा के लिए इसके कुछ बाहरी भंडार तत्वों को गिराना पड़ा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)