एडीलेड, 14 सितंबर (द कन्वरसेशन) हाल में इस तरह की प्रवृत्ति देखी गई है कि लोग अपने पालतू पशुओं को ऐसा खाना खिलाना चाहते हैं जिसमें उनकी अपनी आहार संबंधी प्राथमिकताएं शामिल हों। इसका अक्सर मतलब मांस मुक्त खुराक से होता है।
पशु चिकित्सक लंबे अरसे से बिल्लियों को मांस मुक्त भोजन देने से मना करते आए हैं। मगर जर्नल ‘प्लोस वन’ में प्रकाशित नए अध्ययन में इस धारणा को चुनौती दी गई है।
शोधकर्ता सार में लिखते हैं: जिन बिल्लियों को वीगन खुराक दी गई, वे मांस-आधारित आहार खाने वाली बिल्लियों की तुलना में अधिक स्वस्थ रहीं। यह प्रवृत्ति स्पष्ट एवं सुसंगत थी। परिणाम काफी हद तक पिछले समान अध्ययनों से मेल खाते हैं।
तो, क्या वीगन भोजन वास्तव में बिल्लियों के लिए अधिक सेहतमंद है? जब हम निष्कर्षों को अलग करना शुरू करते हैं, तो हम देखते हैं कि साक्ष्य निर्णायक नहीं हैं।
अध्ययन में क्या शामिल है
अध्ययन के लेखकों ने 1,369 बिल्ली मालिकों का सर्वेक्षण किया, जिन्होंने अपनी बिल्लियों को वीगन या मांस-आधारित आहार खिलाया। सर्वेक्षण में अधिकतर महिलाएं (91 प्रतिशत) शामिल थीं और वे अलग अलग आयु वर्ग से थीं। इनमें से अधिकांश ब्रिटेन में रहती थीं, जबकि अन्य यूरोपीय देश, उत्तरी अमेरिका या ओशेनिया निवासी थीं।
अधिकतर (करीब 65 फीसदी ने) मांस का सेवन कम करने के लिए किसी न किसी तरह के आहार को अपनाया था-- उन्होंने या तो वीग, शाकाहारी, पेस्केटेरियन (केवल मछली) या अपने मांस की खपत को कम किया था। एक छोटे समूह (नौ प्रतिशत) ने अपने स्वयं की आहार संबंधी पसंद के बावजूद अपनी बिल्लियों को वीगन खुराक दी।
मालिकों से उनकी बिल्लियों के स्वास्थ्य व दवाइयों के इस्तेमाल के बारे में पूछा गया और यह भी पूछा गया कि वे कितनी बार उन्हें पशु चिकित्सक के पास लेकर गए। उनसे यह भी पूछा गया कि उनकी बिल्लियां कितनी स्वस्थ थी।
अध्ययन में क्या मिला?
कुल मिलाकर, अध्ययन में वीगन आहार खाने वाली बिल्लियों के स्वास्थ्य पर हानिकारक प्रभाव का कोई सबूत नहीं मिला। वास्तव में, लेखकों का सुझाव है कि वीगन खुराक बिल्लियों को स्वास्थ्य लाभ की ओर ले जाती है।
शोधकर्ताओं ने बीमारी के सात संकेतकों को देखा और वीगन भोजन खाने वाली बिल्लियों में उन सभी में कोई खास कमी नहीं पाई गई।
उन्होंने पाया कि मांस खाने वाली बिल्लियों में 15 बीमारियां अधिक आम थीं, जबकि वीगन आहार खाने वाली बिल्लियों में केवल सात बीमारियां ज्यादा सामान्य थीं।
केवल एक बीमारी के लिए एक महत्वपूर्ण सांख्यिकीय अंतर देखा गया था: जिन बिल्लियों को वीगन भोजन दिया गया था उनमें गुर्दे की बीमारी होने की संभावना थोड़ी अधिक थी।
निष्कर्षों को संदर्भ में रखना
पिछले समान अध्ययनों की तुलना में, इस अध्ययन में अपेक्षाकृत बड़ी संख्या में बिल्लियां शामिल थीं। जैसा कि कहा गया है, इनमें से केवल 127 बिल्लियां वीगन आहार पर थीं।
सर्वेक्षण में सटीक तौर पर यह पुष्टि करना नामुमकिन है कि बिल्लियां क्या खा रही हैं? कई बिल्लियां बाहर जाती हैं और वहां कोई शिकार कर लेती हैं, भले ही वे वीगन आहार पर हों।
यह भी जानकारी नहीं है कि बिल्लियों को कितने समय तक ‘डाइट’ पर रखा गया है। पशु मालिक चिकित्सकीय रूप से प्रशिक्षित नहीं होते हैं और उनकी राय पक्षपातपूर्ण हो सकती है।
जिन मालिकों ने अपने आहार में मांस को हटा दिया था या कम कर दिया था, उन्हें अध्ययन में अधिक प्रतिनिधित्व दिया गया था। ये लोग पहले से ही मान कर बैठे होते हैं कि वीगन भोजन स्वास्थ्य के लिए बेहतर है, और यह सोच उनकी प्रतिक्रियाओं को प्रभावित कर सकती है।
द कन्वरसेशन
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY