जरुरी जानकारी | भारत की आर्थिक वृद्धि ब्रिक्स के कई देशों के लिए उदाहरणः पुतिन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को भारत की आर्थिक वृद्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह देश ब्रिक्स समूह के कई देशों के लिए एक उदाहरण है।

कजान, 23 अक्टूबर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को भारत की आर्थिक वृद्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह देश ब्रिक्स समूह के कई देशों के लिए एक उदाहरण है।

पुतिन ने रूसी शहर कजान में आयोजित 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने इस तीन-दिवसीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद भी दिया।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने पुतिन के हवाले से कहा, ‘‘हम सभी उच्च आर्थिक वृद्धि दर सुनिश्चित करने की जरूरत पर बात करते हैं। आप (मोदी) इसे सफलतापूर्वक अंजाम देने में कामयाब होते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम आपको 7.5 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि के लिए बधाई देते हैं। यह हमारे में से कई लोगों के लिए एक उदाहरण है। आपकी तरफ से उठाए गए कदमों के लिए धन्यवाद।’’

भारत की अर्थव्यवस्था इस साल सात प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है जबकि वर्ष 2025 में वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत रह सकती है।

ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका से मिलकर बना समूह ब्रिक्स अब पांच अतिरिक्त सदस्यों- मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के आने से विस्तारित हो गया है।

पुतिन की यह टिप्पणी अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी के बयान के बाद आई है। आईएमएफ के एशिया प्रशांत विभाग के निदेशक कृष्ण श्रीनिवासन ने मंगलवार को कहा था कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था बना हुआ है और इसकी व्यापक आर्थिक बुनियाद भी अच्छी है।

पुतिन ने मंगलवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान पुतिन ने रूस और भारत के बीच व्यापार कारोबार की ‘अच्छी स्थिति’ का उल्लेख किया।

इस साल जनवरी-अगस्त में तेल आपूर्ति के कारण रूस और भारत के बीच व्यापार सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़कर 37.4 अरब डॉलर हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\