देश की खबरें | मोदी सरकार में भारत की सीमाएं पहले से कहीं अधिक सुरक्षित: जितेंद्र सिंह

सांबा, 12 सितंबर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तहत देश की सीमाएं पहले से कहीं अधिक सुरक्षित हैं।

वह यहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की 90 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किए जाने के अवसर पर एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

सिंह ने कहा, "भारत ने पिछले नौ वर्षों में प्रौद्योगिकी के साथ बड़ी रणनीतिक ताकत हासिल की है और इसकी सीमाएं प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) तथा रक्षा मंत्री के तहत पहले से कहीं अधिक सुरक्षित हो गई हैं।"

रविवार को संपन्न हुए दो दिवसीय जी20 शिखर सम्मेलन के बारे में उन्होंने कहा, "आज दुनिया हर क्षेत्र में भारत को एक समान भागीदार के रूप में देखती है।"

सिंह ने कहा, "हाल में दिल्ली घोषणापत्र को अपनाने के साथ संपन्न जी20 शिखर सम्मेलन इसका प्रमाण है और इसने भारत की प्रौद्योगिकी क्षमताओं के साथ-साथ आर्थिक ताकत को भी प्रदर्शित किया है।"

उन्होंने कहा कि भारत ने जी20 की अध्यक्षता ऐसे समय की जब चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के साथ अंतरिक्ष क्षेत्र में देश ने गौरव हासिल किया है।

रक्षा मंत्री की सराहना करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि अत्यंत आवश्यक सीमा बंकरों का निर्माण, सीमावर्ती निवासियों के लिए चार प्रतिशत आरक्षण और सीमा बटालियनों की स्थापना राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में संभव हुई है क्योंकि देश में समानता के आधार पर बिना किसी भेदभाव के सबके लिए एक नयी राजनीतिक संस्कृति स्थापित हुई है।

उन्होंने कहा, "कठुआ-उधमपुर संसदीय क्षेत्र में बसंतर को आज 90 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के उद्घाटन के लिए चुना गया क्योंकि सभी निर्वाचन क्षेत्रों के बीच इस निर्वाचन क्षेत्र को बुनियादी ढांचे के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में नामित किया गया है, जहां पिछले नौ वर्षों में शानदार विकास हुआ है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)