नयी दिल्ली, 11 मई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारत और पाकिस्तान के बीच उत्पन्न तनाव की पृष्ठभूमि में भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए जम्मू-कश्मीर के पुंछ में राहत शिविर स्थापित किए हैं।
भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत होने के बाद बुधवार तड़के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और इसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादियों के नौ ठिकानों पर हमला किया था।
इस ऑपरेशन के बाद पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी की, जिससे सीमावर्ती जिलों के निवासी प्रभावित हुए।
प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आईवाईसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के मार्गदर्शन में एक पहल के तहत राहत शिविरों के माध्यम से भोजन, आश्रय और चिकित्सा सहायता प्रदान करने के वास्ते पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठित किया।
चिब ने कहा, ‘‘संकट की इस घड़ी में हमारे कार्यकर्ता करुणा, समर्पण और साहस के साथ लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं।’’
उन्होंने 22 अप्रैल के हमले पर सटीक और प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए भारतीय सेना की भी सराहना की।
आईवाईसी ने क्षेत्र में सामान्य स्थिति पूरी तरह बहाल होने तक राहत प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY