विदेश की खबरें | भारतीय उच्चायोग के दल ने पाक में सिख तीर्थयात्रियों की सुरक्षा की समीक्षा के लिए उनसे मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों के एक दल ने सोमवार को यहां आने वाले भारतीय सिख तीर्थयात्रियों के नेताओं से मुलाकात कर उनकी सुरक्षा और इस देश के विभिन्न गुरुद्वारों में उनकी यात्रा के लिए सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
लाहौर, सात नवंबर पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों के एक दल ने सोमवार को यहां आने वाले भारतीय सिख तीर्थयात्रियों के नेताओं से मुलाकात कर उनकी सुरक्षा और इस देश के विभिन्न गुरुद्वारों में उनकी यात्रा के लिए सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
मंगलवार को सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की जयंती के संबंध में उत्सव में भाग लेने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच भारत से 2,500 से अधिक सिख रविवार को पाकिस्तान पहुंचे।
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी द्वारा करीब एक हफ्ते पहले इस्लामाबाद की तरफ कूच के आह्वान के बाद पाकिस्तान में कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
पंजाब प्रांत में पिछले हफ्ते इमरान खान पर हुए जानलेवा हमले के बाद बिगड़े हुए हालात में भारतीय सिख श्रद्धालुओं का यह दौरा हो रहा है।
तीर्थयात्री लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर ननकाना साहिब में गुरुद्वारा जन्मस्थान में हो रहे उत्सव में शामिल हो रहे हैं। सोमवार को भारतीय सिख श्रद्धालु लाहौर से करीब 75 किलोमीटर दूर फरूखाबाद में गुरुद्वारा सच्चा सौदा भी गए।
इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग ने एक ट्वीट में कहा, “पाकिस्तान में भारतीय महावाणिज्य दूतावास का दल गुरुपर्व पर पाकिस्तान का दौरा कर रहे भारतीय जत्थे के साथ मौके पर हैं और उनकी हिफाजत व विभिन्न गुरुद्वारों की उनकी यात्रा को सुगम बनाने के लिये जत्थे के नेताओं और स्थानीय प्राधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।”
पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के धार्मिकस्थलों के रखरखाव का काम करने वाले ‘इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड’ (ईटीपीबी) के प्रवक्ता आमिर हाशमी ने कहा, “गुरुद्वारा सच्चा सौदा फरुखाबाद में भारतीय उच्चायोग के दल ने सिख जत्थे के नेताओं और ईटीपीबी के अधिकारियों से मुलाकात की।”
उन्होंने कहा कि ईटीपीबी के अतिरिक्त सचिव राणा शाहिद सलीम ने भारतीय उच्चायोग के दल से मुलाकात की और तीर्थयात्रियों के दौरे से जुड़े मुद्दे पर चर्चा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)