देश की खबरें | भारतीय विमानन कंपनियों ने अब सभी स्टेशनों पर योग्य इंजीनियरिंग कर्मियों को तैनात किया: डीजीसीए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बृहस्पतिवार को कहा कि एयरलाइन्स ने अपने सभी स्टेशनों पर योग्य इंजीनियरिंग कर्मियों को तैनात किया है। हाल में विमानों में तकनीकी खामियों की घटनाएं बढ़ने के मद्देनजर उन्हें ऐसा करने के लिए कहा गया था।

नयी दिल्ली, 28 जुलाई विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बृहस्पतिवार को कहा कि एयरलाइन्स ने अपने सभी स्टेशनों पर योग्य इंजीनियरिंग कर्मियों को तैनात किया है। हाल में विमानों में तकनीकी खामियों की घटनाएं बढ़ने के मद्देनजर उन्हें ऐसा करने के लिए कहा गया था।

डीजीसीए ने 18 जुलाई को कहा था कि उसने मौके पर जांच की थी और पाया था कि विभिन्न विमानन कंपनियों के अपर्याप्त और अयोग्य इंजीनियरिंग कर्मी विमानों के प्रस्थान से पहले उन्हें प्रमाणित कर रहे हैं। पिछले 45 दिनों में भारतीय कंपनियों द्वारा संचालित किए जाने वाले विमानों में तकनीकी खराबी की कई घटनाएं सामने आई हैं।

उड़ान भरने से पहले हर विमान की जांच की जाती है और विमान रख-रखाव इंजीनियर (एएमई) उसे प्रमाणित करते हैं।

डीजीसीए ने 18 जुलाई को एयरलाइन्स से कहा था कि वे 28 जुलाई तक योग्य एएमई कर्मियों को तैनात करें।

नियामक ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि हाल के दिनों में विमानों में तकनीकी खराबी की वृद्धि की रिपोर्ट के आधार पर, डीजीसीए ने कई ऑडिट/जांच की थी जो संकेत करती हैं कि खराबी के कारण की ठीक तरीके से पहचान नहीं की जाती है और विमानों को प्रमाणित करने वाले कर्मी योग्य नहीं हैं।

नियामक ने कहा कि इसे देखते हुए विमानन कंपनियों से कहा गया है कि वे सभी स्टेशनों पर योग्य इंजीनियरिंग कर्मियों को तैनात करें ताकि विमान के संचालन के लिए जाने से पहले खराबी को ठीक से दुरुस्त किया जा सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\