ताजा खबरें | नयी शिक्षा नीति से भारत अनुसंधान एवं शिक्षा का विश्व केंद्र बनेगा : भाजपा नेता घनश्याम तिवाड़ी
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राज्यसभा में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के घनश्याम तिवाड़ी ने दावा किया कि नरेन्द्र मोदी सरकार के शासनकाल में शिक्षा के क्षेत्र में जितना काम दस सालों में हुआ है उतना उससे पिछले पचास सालों में नहीं हुआ था तथा नयी शिक्षा नीति से भारत अनुसंधान और शिक्षा का उसी प्रकार का विश्व केंद्र बन जाएगा जैसे प्राचीन काल में नालंदा हुआ करता था।
नयी दिल्ली, 11 मार्च राज्यसभा में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के घनश्याम तिवाड़ी ने दावा किया कि नरेन्द्र मोदी सरकार के शासनकाल में शिक्षा के क्षेत्र में जितना काम दस सालों में हुआ है उतना उससे पिछले पचास सालों में नहीं हुआ था तथा नयी शिक्षा नीति से भारत अनुसंधान और शिक्षा का उसी प्रकार का विश्व केंद्र बन जाएगा जैसे प्राचीन काल में नालंदा हुआ करता था।
शिक्षा मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा में भाग लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के घनश्याम तिवाड़ी ने स्वीकार किया कि मोदी सरकार के शासनकाल में कुछ पाठ्यपुस्तकों में परिवर्तन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वीर बाल दिवस मनाने की घोषणा की थी और यही बात किताबों में लिखी गयी है।
उन्होंने कहा कि जोरावर सिंह और फतेह सिंह दीवार में चुनवा दिये गये, बंदा बैरागी के बंद बंद काटे गये, गुरु गोविंद सिंह के चारों शहजादे बलिदान हुए, यह सब इतिहास है।
उन्होंने कहा कि इन लोगों का पाठ्यपुस्तकों में उल्लेख करना कांग्रेस को ‘पाप’ लगता है।
भाजपा सदस्य ने दावा किया कि नयी शिक्षा नीति के कारण भारत अनुसंधान और शिक्षा का उसी प्रकार विश्व केंद्र बनेगा जैसे प्राचीन काल में नालंदा हुआ करता था। उन्होंने कहा कि इससे समग्र क्रांति और शिक्षा क्रांति होगी।
तिवाड़ी ने कहा कि नयी शिक्षा नीति के तहत समग्र शिक्षा अभियान के लिए 41 हजार करोड़ रूपये से अधिक का आवंटन किया गया। उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत अन्य बातों के साथ साथ शिक्षकों को प्रशिक्षण देना भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को छोड़कर किसी भी सरकार ने स्कूलों में बच्चों को शिक्षा, दोपहर का भोजन, पाठ्यपुस्तकें, दूध, पोशाक देने का काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि देश में 14,500 स्कूलों को आधुनिक बनाया जा रहा है जहां स्मार्ट क्लास, सौर ऊर्जा सहित सभी सुविधाएं होंगी।
भाजपा सदस्य ने कहा कि आज देश के अधिकतर राज्यों ने पीएमश्री योजना को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि देश के आदिवासी क्षेत्रों में पीएमश्री योजना के तहत स्कूल बहुत अच्छे काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पिछले दस साल में जितना काम हुआ है, उतना पिछले 50 वर्ष में नहीं हुआ था।
तिवाड़ी ने कहा कि इन दस सालों में विश्वविद्यालयों में कुलपति और शिक्षकों की भर्ती जितने पारदर्शी तरीके से हुई है, उतनी पहले कभी नहीं हुई थी। उन्होंने कहा, ‘‘पहले तो कांग्रेस पार्टी के समर्थित लोगों के अड्डे बन गये थे वहां पर।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)