देश की खबरें | असम की बराक घाटी, दीमा हसाओ में लगातार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (फोटो के साथ)

(फोटो के साथ)

गुवाहाटी, 29 मई चक्रवाती तूफान रेमल के परिणामस्वरूप असम की बराक घाटी और दीमा हसाओ के तीन जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक राज्य के अन्य प्रभावित जिलों में बुधवार को रुक-रुक कर बारिश होने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की खबरें मिली हैं।

बराक घाटी के करीमगंज, कछार और हैलाकांडी जिलों में बराक नदी तथा इसकी सहायक नदियां लोंगई, कुशियारा, सिंगला और कटाखल कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

इन जिलों के संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और राहत सामग्री मुहैया कराई गई है। गंभीर रूप से प्रभावित दीमा हसाओ जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन ठप्प हो गया है, जिससे पूरे जिले में सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

हरंगाजाओ के पास एक हिस्सा बह जाने के बाद हाफलोंग-सिलचर सड़क पूरी तरह से कट गई है, जबकि हाफलोंग-हरंगाजाओ मार्ग कई भूस्खलन के कारण अवरुद्ध है।

हरंगाजाओ क्षेत्र में कई यात्री वाहन फंसे हुए हैं, स्थानीय लोग फंसे हुए यात्रियों को भोजन और आश्रय प्रदान कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि माहुर और लाइसोंग के बीच की सड़क पूरी तरह बह गई है, जिससे लाइसोंग गांव अलग-थलग पड़ गया है और कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं बचा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और दीमा हसाओ पुलिस ने लोगों को उमरोंगसो-लंका मार्ग को छोड़कर रात में यात्रा न करने की सलाह जारी की है।

जिला प्रशासन ने खराब मौसम के कारण स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है और हाफलोंग-हरंगाजाओ मार्ग पर भारी वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया है।

चक्रवाती तूफान रेमल के बाद मंगलवार को भारी बारिश और तूफान के कारण राज्य में अब तक चार लोगों की मौत हो गई है और 18 अन्य घायल हो गए हैं। इस बीच, राज्य में नौका सेवाएं लगातार दूसरे दिन भी स्थगित रहीं। प्रभावित जिलों में सभी स्कूल और शैक्षणिक संस्थान बंद रहे।

मुख्य सचिव रवि कोटा ने जिला आयुक्तों को प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं कल्याण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों और एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहा है।

इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने चक्रवाती तूफान रेमल के आने के बाद हुई भारी बारिश तथा भूस्खलन के मद्देनजर राज्य में उत्पन्न स्थिति की बुधवार को समीक्षा की।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौजूद शर्मा ने राज्य सरकार और चक्रवात प्रभावित जिलों के शीर्ष अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक बैठक की और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भारी से बहुत भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर सभी संबंधित पक्षों को यथाशीघ्र आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रभावित लोगों तक पहुंचने तथा उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने में कोई कसर न छोड़ें।

एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जिला आयुक्तों (डीसी) से मृतकों के परिजनों को तत्काल अनुग्रह राशि देने को कहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Rishabh Pant IPL Stats Against SRH: आईपीएल इतिहास में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं ऋषभ पंत का प्रदर्शन, आंकड़ों पर एक नजर

RCB vs CSK, IPL 2026 11th Match Stats And Preview: एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

Virat Kohli IPL Stats Against CSK: आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं विराट कोहली का प्रदर्शन, ‘रन मशीन’ के आकंड़ों पर एक नजर

GT vs RR, IPL 2026 9th Match Scorecard: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटं के सामने रखा 211 रनों का टारगेट, ध्रुव जुरेल ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड