देश की खबरें | लखनऊ में एक फ्लाईओवर का लोकार्पण,एक का शिलान्यास

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को टेढ़ी पुलिया फ्लाईओवर का लोकार्पण एवं खुर्रम नगर-इंदिरा नगर फ्लाईओवर का शिलान्यास किया।

लखनऊ, दो अप्रैल केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को टेढ़ी पुलिया फ्लाईओवर का लोकार्पण एवं खुर्रम नगर-इंदिरा नगर फ्लाईओवर का शिलान्यास किया।

शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर स्थित मिनी स्‍टेडियम में आयोजित समारोह में लखनऊ की 280 करोड़ रुपये लागत के दो फ्लाईओवर परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में उच्चस्तरीय सड़कों का विकास प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हाईवे की संख्या और लम्बाई दोनों में तेजी से वृद्धि हो रही है।

यहां जारी एक सरकारी बयान के अनुसार कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि विकास प्रक्रिया में पिछड़ गये राज्य अब विकास पथ पर तेजी से आगे आ रहे हैं और उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की लम्बाई में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

लखनऊ के सांसद एवं केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आने वाले वर्षों में लखनऊ देश के 'शीर्ष तीन' शहरों में सम्मिलित होगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ का चतुर्दिक विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में रेल, सड़क, हवाई यातायात की सुविधाओं में तेजी से प्रगति हो रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में लगभग 5400 करोड़ रुपये की लागत से आउटर रिंग रोड का निर्माण हो रहा है जिसे दिसम्बर, 2021 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कोविड-19 की चुनौती के बावजूद राज्य विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है और राज्य में सड़कों का बाधा रहित विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक दृष्टि और दृढ़ इच्छा शक्ति के बल पर सम्भव हो रहा है।

उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश की दशा व दिशा में सकारात्मक परिवर्तन हो रहा है और प्रदेश में केन्द्र व राज्य सरकार का समन्वय अद्वितीय है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now