देश की खबरें | चक्रवात ‘दाना’ के मद्देनजर बंगाल में 3.5 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा : ममता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रशासन ने आसन्न चक्रवात ‘दाना’ के मद्देनजर राज्य के निचले इलाकों में रहने वाले 3.5 लाख लोगों की पहचान की है जिन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा।
कोलकाता, 24 अक्टूबर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रशासन ने आसन्न चक्रवात ‘दाना’ के मद्देनजर राज्य के निचले इलाकों में रहने वाले 3.5 लाख लोगों की पहचान की है जिन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा।
बनर्जी ने लोगों से एहतियाती कदम उठाने और प्रशासन तथा पुलिस के साथ सहयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि 2,43,374 लोगों ने शिविरों में शरण ली है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बृहस्पतिवार की पूरी रात राज्य सचिवालय में रहेंगी और व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रखेंगी। उन्होंने राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘निचले इलाकों से लोगों को निकालने के लिए हमने 3,56,941 लोगों की पहचान की है।’’
मुख्य सचिव और गृह सचिव भी अपने-अपने आवासों से स्थिति की निगरानी करेंगे और शुक्रवार सुबह फिर से उनके साथ जुड़ेंगे।
बनर्जी ने लोगों से इस संबंध में अफवाह न फैलाने और दहशत न फैलाने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि निगरानी और सूचना साझा करने के लिए 24 घंटे और सातों दिन काम करने वाली हेल्पलाइन और कुछ संबंधित फोन नंबर चालू किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं।
बनर्जी ने कहा, ‘‘मैं आपका सहयोग चाहती हूं। सतर्क रहें। अगर पुलिस या प्रशासन आपको कोई जगह खाली करने के लिए कहता है, तो कृपया उनकी सलाह पर ध्यान दें। पानी में न जाएं। अभी मछली पकड़ना प्रतिबंधित है।’’
आईएमडी ने कहा कि चक्रवात शुक्रवार तड़के पड़ोसी ओडिशा के भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान और धामरा बंदरगाह के बीच दस्तक दे सकता है। दस्तक देने की प्रक्रिया के दौरान हवा की अधिकतम गति लगभग 120 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने की आशंका है।
चक्रवात के कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश होने की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)