देश की खबरें | चंपावत उपचुनाव में धामी के सामने कांग्रेस ने निर्मला गहतोडी को उतारा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड की चंपावत सीट पर 31 मई को होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने कांग्रेस ने निर्मला गहतोड़ी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
नयी दिल्ली/देहरादून, छह मई उत्तराखंड की चंपावत सीट पर 31 मई को होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने कांग्रेस ने निर्मला गहतोड़ी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चंपावत उपचुनाव के लिए गहतोड़ी की उम्मीदवारी को स्वीकृति दी है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की तेज-तर्रार महिला नेताओं में शुमार की जाने वाली निर्मला का ताल्लुक ब्राह्मण समुदाय से है। वह करीब तीन दशक पहले शराब-विरोधी आंदोलन से सुर्खियों में आई थीं।
वह कांग्रेस की चंपावत जिला अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य रही हैं। पूर्व की प्रदेश कांग्रेस सरकार में वह दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री भी थीं।
खटीमा सीट से पराजित होने के कारण धामी को मुख्यमंत्री बने रहने के लिए चंपावत सीट से उपचुनाव लड़ना पड़ रहा है।
हाल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 47 सीटों पर जीत हासिल कर दोबारा सरकार बनाने का इतिहास रचा था, लेकिन पार्टी का नेतृत्व करने वाले धामी स्वयं खटीमा सीट से हार गए थे।
'उत्तराखंड फिर मांगे—मोदी धामी की सरकार' के नारे पर चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने धामी के नेतृत्व पर ही फिर भरोसा किया। हालांकि, धामी को मुख्यमंत्री बने रहने के लिए शपथ ग्रहण करने के छह माह के भीतर उपचुनाव लड़कर विधानसभा का सदस्य बनना होगा। धामी ने 23 मार्च को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी ।
मुख्यमंत्री के उपचुनाव लड़ने का रास्ता साफ करने के लिए विधायक कैलाश गहतोड़ी ने 21 अप्रैल को चंपावत सीट से त्यागपत्र दे दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)