देश की खबरें | दिल्ली में जलभराव वाले इलाकों में तत्काल पंप स्थापित किए जा रहे: महापौर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने रविवार को कहा कि जलभराव का सामना कर रहे इलाकों में तत्काल पंप स्थापित किए जा रहे हैं और एमसीडी समस्या का समाधान निकालने के लिए दिल्ली सरकार के साथ काम कर रहा है।

नयी दिल्ली, नौ जुलाई दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने रविवार को कहा कि जलभराव का सामना कर रहे इलाकों में तत्काल पंप स्थापित किए जा रहे हैं और एमसीडी समस्या का समाधान निकालने के लिए दिल्ली सरकार के साथ काम कर रहा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े 8 बजे तक 24 घंटे के दौरान 153 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में सबसे अधिक वर्षा है।

महापौर ने जलभराव को रोकने के लिए किशनगंज अंडरपास के निरीक्षण के दौरान यह भी कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारी और कर्मचारी लोगों को बारिश से संबंधित समस्याओं से राहत दिलाने के लिए काम कर रहे हैं।

महापौर कार्यालय ने एक बयान में कहा, “इस समस्या के शीघ्र समाधान के लिए एमसीडी के सभी 12 जोन में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जो 24 घंटे काम कर रहे हैं। जलभराव की शिकायत मिलने पर जनता को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए तुरंत अस्थायी पंप भी लगाए जा रहे हैं।”

बयान के अनुसार, महापौर ने यह भी कहा कि दिल्ली में जलभराव की समस्या कोई नई समस्या नहीं है।

उन्होंने आश्वासन दिया, “जल्द ही दिल्ली के लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। दिल्ली सरकार और एमसीडी इस समस्या के समाधान के लिए काम कर रही है। दिल्ली को जलभराव से मुक्ति दिलाने के लिए हर कदम उठाये जाएंगे।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now