देश की खबरें | ‘अवैध’ भूमि सौदा : झारखंड के आईएएस अधिकारी छवि रंजन को छह दिन के लिए ईडी हिरासत में भेजा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी छवि रंजन को यहां स्थित विशेष धन शोधन निरोधक अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने शनिवार को छह दिन के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रांची, छह मई झारखंड में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी छवि रंजन को यहां स्थित विशेष धन शोधन निरोधक अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने शनिवार को छह दिन के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन से पूछताछ के लिए 10 दिन की हिरासत का अनुरोध किया था।
रंजन के वकील अभिषेक कृष्ण गुप्ता ने कहा कि अदालत ने झारखंड कैडर के 2011 बैच के आईएएस अधिकारी को छह दिन के लिए ईडी की हिरासत में भेजा है और उन्हें 12 मई को दोबारा अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
रंजन को करीब 10 घंटों की पूछताछ के बाद गत बृहस्पतिवार की देर रात ईडी ने गिरफ्तार किया था। विशेष अदालत ने शुक्रवार को रंजन को होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में भेज दिया था।
इस मामले के जांच अधिकारी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत रंजन का बयान दर्ज किया। ईडी ने 24 अप्रैल को भी कथित अवैध भूमि सौदों से जुड़े धन शोधन जांच को लेकर उनसे करीब 10 घंटों तक पूछताछ की थी।
केंद्रीय एजेंसी ने रंजन और कई अन्य के परिसरों पर झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में तलाशी के बाद 13 अप्रैल को भी संक्षिप्त पूछताछ की थी।
इसके पहले ईडी ने झारखंड सरकार के एक अधिकारी समेत सात लोगों को छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया था। केंद्रीय एजेंसी एक दर्जन से अधिक भूमि सौदों की जांच कर रही है जिनमें से एक मामला रक्षा भूमि से संबंधित है।
इस मामले में माफिया, बिचौलियों और नौकरशाहों के एक समूह ने कथित रूप से 1932 की शुरुआत से ही कथित मिलीभगत करके फर्जी दस्तावेज और आदेश पत्र तैयार कराए थे।
सूत्रों ने कहा कि इस धोखाधड़ी के तहत गरीबों और दलितों की जमीन को हड़प लिया गया।
यह दूसरा मामला है जिसमें झारखंड काडर के आईएएस अधिकारी ईडी की जांच की जद में हैं।
पिछले साल केंद्रीय एजेंसी ने 2000 बैच की आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को खूंटी में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना की राशि के कथित गबन और अन्य संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़े धनशोधन के मामले में गिरफ्तार किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)